गोरखपुर जंक्शन पर छठ यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पांच होल्डिंग एरिया बनाये गए है,जिनमें लगभग 23 हजार वर्गफीट क्षेत्र में 2,200 से 2,500 यात्रियों के एक साथ ठहरने की क्षमता

लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्रीsm गौरव अग्रवाल के निर्देशन में गोरखपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से गोरखपुर जंक्शन परिसर में कुल पांच यात्री होल्डिंग एरिया विकसित किए गए हैं। इनमें से चार पूर्णतः क्रियाशील हैं, जबकि एक को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग में लाने के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है।
इन होल्डिंग एरिया का कुल क्षेत्रफल लगभग 23,000 वर्गफीट है, जहां लगभग 80 प्रतिशत क्षमता के आधार पर एक समय में 2,200 से 2,500 यात्रियों को व्यवस्थित रूप से ठहराया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि गोरखपुर जंक्शन पर वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख यात्रियों का आवागमन होता है।
होल्डिंग एरिया में उपलब्ध कराई गईं यात्री सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने हेतु एमयूटीएस (MUTS) की व्यवस्था के साथ वाणिज्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त यात्रियों के बैठने के लिए टेबल एवं कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, ग्लास, कूलर, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा बूथ स्थापित किया गया है, जहां रेलवे चिकित्सक द्वारा 24 घंटे निःशुल्क चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं। नियमित एवं त्योहार विशेष ट्रेनों की जानकारी सूचना पट्टों पर प्रदर्शित करने के साथ नियमित उद्घोषणा भी की जा रही है।
सुव्यवस्थित भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान
प्रत्येक होल्डिंग एरिया में यात्रियों की संख्या एवं आवश्यकता के अनुसार वाणिज्य विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। तैनात कर्मचारी यात्रियों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म, प्रस्थान समय, टिकटिंग, शौचालय, पेयजल, पार्किंग, लिफ्ट एवं एस्केलेटर सहित अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं एवं बच्चों को विशेष प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भीड़ की स्थिति में यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित मार्ग से प्लेटफॉर्म पर भेजा जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो।
सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी
सभी होल्डिंग एरिया में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। आरपीएफ पोस्ट स्थित वार रूम से यहां लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी असामान्य गतिविधि अथवा आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए की गई इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराना तथा ट्रेनों में सुगम एवं सुरक्षित चढ़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।



