रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल पर बाढ़ प्रभावित निवासी से जाना हाल, अधिकारियों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश

लखनऊ । रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित निवासी राजमणि तिवारी से बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ के पानी के स्तर की जानकारी ली और पूछा कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं सहायता पहुंच रही है या नहीं। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
प्रतिदिन की भांति बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भाजपा की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। इसी क्रम में भार्गव कॉलोनी एवं गणेश विहार कॉलोनी में प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के दौरान रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह के मोबाइल पर राजनाथ सिंह की वीडियो कॉल आई। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति दिखाने और बाढ़ के हालात की जानकारी देने को कहा।
वीडियो कॉल के माध्यम से रक्षा मंत्री ने मौके पर उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारियों, एडीएम सिटी एवं एसडीएम सदर से भी बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक जरूरतमंद तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
**नाव के माध्यम से घर-घर पहुंचाई जा रही राहत सामग्री**
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन की कठिनाइयों को देखते हुए राहत दल नाव के माध्यम से घर-घर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को भोजन के पैकेट, पेयजल एवं दैनिक उपभोग की अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य जलभराव से प्रभावित परिवारों को उनके घरों तक जरूरी सहायता उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
राहत एवं सेवा अभियान में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा,विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, पुष्कर शुक्ला सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की टीम सक्रिय रूप से जुटी रही।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उनके निर्देशों के अनुरूप संगठन एवं जिला प्रशासन के समन्वय से राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके और संकट की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जा सके।



