मंडल रेल प्रबंधक ने चौखंडी, जंघई एवं वाराणसी जंक्शन स्टेशनों का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आज चौखंडी, जंघई एवं वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
चौखंडी स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1, फुट ओवर ब्रिज, शौचालय, स्टेशन मास्टर कक्ष, आईपीएस कक्ष, बैटरी कक्ष एवं अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रेलवे समपार फाटक संख्या 15/सी का भी निरीक्षण किया।
जंघई स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 एवं 3, शौचालय, प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर, स्टेशन भवन एवं विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एक यात्री द्वारा कोच की स्थिति दर्शाने वाले कोच पोजिशन बोर्ड लगाए जाने का अनुरोध भी किया गया, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी जंक्शन स्टेशन का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



