गुरू नानक देव जी की 557वीं जयंती पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में माथा टेक कर सर्वत्र के भले की प्रार्थना की

नई दिल्ली : श्री गुरू नानक देव जी की 557वीं प्रकाश पर्व जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने आज नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में हाजरी लगाकर माथा टेका और देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए अरदास की।
इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे। तीनों नेताओं ने गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन श्रवण किया। गुरुद्वारा प्रबंधन ने गुरू परंपरा के अनुसार भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन को सम्मान स्वरूप सरोपा भेंट किया।
इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने श्री नितिन नवीन का स्वागत करते हुए कहा कि गुरू नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश एकता और भाईचारे की डोर में बंध सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक श्री आशीष ऊषा अग्रवाल, विधायक सरदार तरविन्दर सिंह मारवाह, निगम पार्षद श्रीमती योगिता सिंह, पंजाबी एकेडमी के उपाध्यक्ष सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी और दिल्ली भाजपा प्रवक्ता श्री यासिर जिलानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं संगत इस पावन अवसर पर उपस्थित रहे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा की श्री गुरू नानक देव जी ने हमें “एक ओंकार, एक ज्योति” का संदेश दिया। श्री गुरू नानक देव जी ने जात-पात, ऊंच-नीच के भेद को मिटाकर “नाम जपो, कीरत करो, वंड छको” का मार्ग दिखाया।
गुरू जी की शिक्षाएं आज भी हमें मानवता, समानता और सेवा की प्रेरणा देती हैं।
प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सरकार गुरू जी के आदर्शों पर चलते हुए अंत्योदय और सबका साथ-सबका विकास के मंत्र को साकार कर रही है। इस 557वीं जयंती पर मैं कामना करता हूं कि गुरू नानक देव जी का प्रकाश हमारे जीवन को करुणा, परिश्रम और परोपकार से आलोकित करे और हमारा भारत विश्वगुरू बने।
दिल्ली भाजपा अध्यक् हर्ष मल्होत्रा ने गुरू नानक देव जी की 557वीं जयंती पर समस्त दिल्लीवासियों को हार्दिक बधाई। गुरू जी ने हमें प्रेम, भाईचारे और सेवा का पाठ पढ़ाया। दिल्ली भाजपा गुरू जी के आदर्शों पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री दिल्ली सरकार ने समस्त संगत को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां दीं। उन्होने कहा गुरू नानक देव जी का संदेश “सबदा भला” ही हमारी सरकार का संकल्प है। गुरुद्वारों की मर्यादा और सिख विरासत को संरक्षित करने के लिए हम सदैव तत्पर हैं।



