‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत लखनऊ, वाराणसी जं., अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, जौनपुर, प्रयाग जं., प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव एवं शाहगंज सहित विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ, सामूहिक श्रमदान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों, रेल कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद स्टेशन यार्ड के कानपुर छोर पर श्रमदान कर सफाई की गई।
वाराणसी जं. रेलवे स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय एवं स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता की उपस्थिति में अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं यात्रियों ने श्रमदान किया। वाराणसी की न्यू लोको कॉलोनी एवं टीआरडी लोको कॉलोनी में भी व्यापक सफाई करते हुए लगभग 500 किलोग्राम कूड़ा-कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारित किया गया। यहां ‘मोटू-पतलू’ एवं ‘चिंपैंजी’ के कार्टून कैरेक्टर बच्चों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे और उनके माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया।
जौनपुर स्टेशन एवं हेल्थ यूनिट परिसर में झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई के साथ लगभग 150 किलोग्राम कूड़ा-कचरा एकत्र कर निस्तारित किया गया। अयोध्या धाम एवं अयोध्या कैंट स्टेशनों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अयोध्या कैंट स्टेशन पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। इसी क्रम में प्रयाग जं., माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, शाहगंज, अमेठी एवं उन्नाव स्टेशनों पर रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, आरपीएफ कर्मियों, सफाई मित्रों एवं यात्रियों ने श्रमदान में भाग लिया। रायबरेली स्टेशन पर सहायक चिकित्सा अधिकारी नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में यातायात, परिचालन, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने के लिए यात्रियों एवं आमजन को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, आरपीएफ कर्मियों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



