दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की आधारशिला रखी

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय एवं सांसद हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे (NH-709B) पर गीता कॉलोनी/गांधी नगर (किमी 5+100) और रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर (किमी 2+800) में दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर गांधी नगर के विधायक एवं ट्रांस यमुना डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर के विधायक एवं दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक अभय वर्मा, कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल, स्थानीय निगम पार्षद संदीप कपूर सहित क्षेत्र के प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह पहल माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधुनिक एवं नागरिक-केंद्रित बुनियादी ढांचे के उस विजन को दर्शाती है, जो लोगों के जीवन को सुगम बनाने और सुरक्षित आवागमन को सीधे तौर पर बेहतर करता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश में आधुनिक एक्सप्रेसवे, उच्च क्षमता वाले सड़क गलियारों और जनसुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का तेजी से विकास हुआ है।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि यह पहल पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और दैनिक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है तथा प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और स्थानीय आवागमन वाले क्षेत्रों को जोड़ता है। ऐसे में सुरक्षित पैदल यात्री सुविधाओं का होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
इन फुट ओवर ब्रिजों में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समर्पित क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी। इससे पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच टकराव की संभावनाएं कम होंगी तथा वाहनों का आवागमन भी निर्बाध रूप से जारी रहेगा। लिफ्ट की सुविधा से वरिष्ठ नागरिकों, चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों, विद्यार्थियों, श्रमिकों तथा अन्य पैदल यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इन दो एफओबी के अतिरिक्त भजनपुरा, गढ़ी मेंडू के पास किमी 10+800 पर एक और फुट ओवर ब्रिज को मंजूरी दी गई है। तीनों फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की कुल लागत 12.8 करोड़ रुपये होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे पार्किंग की सुविधा शुरू कर दी गई है तथा दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे (NH-709B, फेज-I) के दिल्ली वाले हिस्से के व्यापक सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य प्रगति पर है।
इन पहलों से एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सकेगा, पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा और ईवी चार्जिंग, शौचालय तथा अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इससे यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी और पूरे कॉरिडोर का सौंदर्य भी बेहतर होगा, जिसका लाभ क्षेत्र के निवासियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को मिलेगा।
श्री मल्होत्रा ने यह भी बताया कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून हाईवे के दिल्ली वाले एलिवेटेड हिस्से के साथ सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इस पहल से हाईवे से संबंधित आवश्यकताओं के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में योगदान मिलेगा। यह सतत विकास और वर्ष 2070 तक नेट जीरो के लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि गीता कॉलोनी, गांधी नगर और लक्ष्मी नगर में सुरक्षित पैदल यात्री क्रॉसिंग से लेकर भजनपुरा, गढ़ी मेंडू के पास प्रस्तावित सुविधा तथा एलिवेटेड हाईवे के साथ नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण तक, ये सभी पहल पूर्वी दिल्ली की व्यावहारिक बुनियादी ढांचे की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में केंद्रित प्रयास हैं। साथ ही, ये पहल ‘विकसित भारत@2047’ के विजन को नागरिक-केंद्रित और प्रत्यक्ष परिणामों के रूप में धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं।



