स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत लखनऊ मंडल में स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” विशेष स्वच्छता अभियान

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के अंतर्गत आज 22 सितंबर, 2026 को “स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” विषय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रयागराज संगम, प्रयाग जं., वाराणसी जं., लखनऊ, जंघई एवं माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ सहित मंडल के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा मंडल कार्यालय, लखनऊ में सफाई मित्रों, रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आगंतुकों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नीले, हरे, लाल एवं काले कूड़ेदानों के निर्धारित उपयोग की जानकारी देते हुए विभिन्न प्रकार के कचरे को संबंधित कूड़ेदान में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का उद्देश्य केवल सफाई गतिविधियों तक सीमित न रहकर रेलवे परिसरों में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना, यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं बेहतर रेलवे वातावरण का निर्माण करना है।
रेलवे द्वारा यात्रियों एवं आमजन से अपील की जा रही है कि वे रेलवे परिसरों एवं रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग न करें तथा ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी’ के संकल्प को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।



