स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत लखनऊ मंडल में “स्वच्छ स्टेशन एवं स्वच्छ रेलगाड़ी” विशेष स्वच्छता अभियान

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के अंतर्गत 21 एवं 22 सितंबर 2026 को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” विषय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं सहभागी बनाना है।
अभियान के अंतर्गत लखनऊ, वाराणसी जं., अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, प्रयाग जं., जौनपुर, सुल्तानपुर, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली एवं उन्नाव सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष साफ-सफाई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्टेशनों के वाटर बूथ, रेलवे ट्रैक एवं सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण के लिए डस्टबिन की समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिनांक 22 सितंबर को “स्वच्छ रेलगाड़ी” अभियान के अंतर्गत मण्डल से गुजरने वाली विभिन्न रेलगाड़ियों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान रेलगाड़ियों के शौचालयों, कोचों के अंदर एवं बाहर की स्वच्छता, लिनेन तथा पैंट्री कार में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से रेलवे परिसरों में स्वच्छता को जनभागीदारी से और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छ स्टेशन एवं स्वच्छ रेलगाड़ी यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों से अपील की कि वे रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म एवं रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।”


