हिंदू द्रोही शक्तियों को सदमार्ग पर लाकर विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करेंगे: विहिप

नई दिल्ली। हिंदू द्रोही व मानवता विरोधी शक्तियों को सदमार्ग पर लाकर विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल कहा कि अपने 62 वर्षों की विकास यात्रा में संगठन ने अनेक उतार चढ़ाव देखे, उपहास व प्रहार झेले, संघर्ष भी किया और अंततोगत्वा समाज के सहयोग और पूज्य संतों के आशीर्वाद से विजय भी प्राप्त की। उनकी जन्मभूमि पर भगवान् श्री राम का भव्य दिव्य मंदिर बना, राम सेतु बचाया, बाबा अमरनाथ की यात्रा में आतंकियों की चुनौती का डटकर जवाब दिया, मंदिरों, पूज्य संतों और हिंदू प्रतीकों के अनवरत अपमान करने वालों को भी ललकारा, भोजशाला को मुक्त किया। अब मथुरा और काशी की न्याया-यात्रा तो विजय की ओर है किंतु अवैध धर्मांतरण, मंदिरों की सरकारी चंगुल से मुक्ति तथा संस्कारवान हिंदू परिवार व्यवस्था हमारे आगामी बड़े लक्ष्य हैं जिन्हें हम पूरा करके ही रहेंगे।
श्री बंसल ने यह भी कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में महान् तमिल गंथ भेंट करना तथा बाद में द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक, भगवान् श्रीराम द्वारा स्थापित श्री रामेश्वरम की प्रतिकृति के समक्ष विश्व की महा शक्तियों का स्वागत कर हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा व ऐतिहासिक धरोहरों को विश्व पटल पर ला दिया। हमारे मोटे अनाज व सात्विक शाकाहार को भी विशिष्ट लोगों का स्वादिष्ट भोज बना दिया। इतना ही नहीं, इससे पूर्व भी G-20 में कोणार्क के सूर्य मंदिर को विश्व पटल पर लाना और अनेक राष्ट्राध्यक्षों को विभिन्न अवसरों पर हमारे धर्म ग्रंथों और मंदिरों की प्रतिकृति भेंट करने का काम हमारे पूर्ववर्ती किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया। इस अविस्मरणीय, अनुपम और गौरवपूर्ण कार्य के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को साधुवाद व आभार।
संगठन के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दक्षिणी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध माता मंदिर में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दोनेरिया ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने अपने 62 वर्ष के कालखंड में अनेक आंदोलन लड़े और उनमें विजय श्री भी प्राप्त की। हिंदू समाज के समक्ष अभी भी अनेक चुनौतियां हैं जिनका सामना संगठन शक्ति और सज्जन शक्ति के बल पर हम करके रहेंगे।
इस अवसर पर परिषद् के जिला अध्यक्ष कारण कपूर, जिला मंत्री आशीष सूद, नगर कार्यवाह श्रीकृष्ण सहित अनेक गणमान्य लोग, मंदिर समिति के पदाधिकारी, धार्मिक सामाजिक संस्थाओं के मूर्धन्य लोग, गुरुकुल के ब्रह्मचारी तथा माताएं व बच्चे उपस्थित थे।



