राष्ट्रीय लोकदल में आजमगढ़ और मेरठ के प्रमुख लोगों ने ग्रहण की सदस्यता, पार्टी को मिलेगी मजबूती

लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह की प्रेस वार्ता एवं सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं आजमगढ़ निवासी श्री साजिद खान आज़मी, राष्ट्रीय हनुमान दल के राष्ट्रीय संगठन महासचिव एवं मेरठ निवासी तरुण गुप्ता तथा मेरठ निवासी श्री सचिन तरार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयन्त चौधरी जी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सदस्यता ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक शिवकरण सिंह ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे, पार्लियामेंट्री बोर्ड के विशेष आमंत्रित सदस्य चन्द्रबली यादव, वरिष्ठ नेता वसीम हैदर, आर.पी. सिंह चौहान, अफसर अली, प्रदेश कोषाध्यक्ष बी.एल. प्रेमी, अजय सिंह, एहसानुल्लाह कैफ सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मयंक त्रिवेदी ने किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि साजिद खान आज़मी, तरुण गुप्ता और सचिन तरार के अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से निश्चित रूप से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से राष्ट्रीय लोकदल का पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। साजिद खान आज़मी के पार्टी से जुड़ने से आजमगढ़ एवं पूर्वांचल में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, वहीं मेरठ से श्री तरुण गुप्ता एवं श्री सचिन तरार के साथियों सहित पार्टी में आने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी जी किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं तथा समाज के सभी वंचित एवं कमजोर वर्गों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का उद्देश्य चौधरी चरण सिंह जी के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और अवसर दिलाना है। नए साथियों के जुड़ने से पार्टी का संगठनात्मक आधार और मजबूत होगा तथा आने वाले समय में राष्ट्रीय लोकदल और अधिक मजबूती के साथ जनहित के मुद्दों को उठाएगा।
ऐश्वर्य राज सिंह ने पार्टी में शामिल हुए सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को आगे बढ़ाने तथा संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर साजिद खान आज़मी ने कहा कि जयन्त चौधरी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में चौधरी चरण सिंह जी की नीतियों और विचारधारा का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
तरुण गुप्ता ने कहा कि पार्टी के शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में आरिफ प्रधान, निजामुद्दीन, तूफानी राजभर, आफताब अहमद, नसीम सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।



