आईआरआईटीएम, लखनऊ में जोनल रेलों के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधकों (PCOMs) का यातायात परिवहन एवं माल परिचालन सम्मेलन प्रारंभ

लखनऊ : जोनल रेलों के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधकों (Principal Chief Operations Managers–PCOMs) का दो दिवसीय सम्मेलन (24 एवं 25 अगस्त, 2026) आज भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में प्रारंभ हुआ। सम्मेलन में भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया तथा यातायात परिवहन, परिचालन रणनीतियों, माल परिवहन एवं रेल परिवहन के क्षेत्र में उभरते अवसरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर *मुख्य अतिथि डॉ. मनोज सिंह, सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास), रेलवे बोर्ड* का आईआरआईटीएम में आगमन हुआ। संस्थान के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उद्घाटन सत्र में रंजन प्रकाश ठाकुर, महानिदेशक, आईआरआईटीएम द्वारा स्वागत संबोधन दिया गया। इसके पश्चात प्रभास दंसाना, महानिदेशक, आरडीएसओ तथा देवेंद्र कुमार, अपर सदस्य (यातायात), रेलवे बोर्ड ने अपने संबोधन में महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। डॉ. मनोज सिंह, सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए परिचालन दक्षता बढ़ाने, अवसंरचना एवं चल परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग, माल परिचालन को सुदृढ़ करने तथा भारतीय रेल की प्रतिस्पर्धात्मकता एवं सेवा गुणवत्ता में सुधार हेतु प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों को अपनाने पर बल दिया।।
तकनीकी सत्रों का शुभारंभ यातायात परिवहन निदेशालय द्वारा प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें यातायात परिवहन के प्रमुख पहलुओं तथा इस क्षेत्र में उभरती प्रवृत्तियों पर प्रकाश डाला गया। इसके उपरांत विभिन्न जोनल रेलों के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधकों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें भारतीय रेल में परिवहन के भविष्य के अवसरों एवं संभावनाओं पर विचार साझा किए गए। इन प्रस्तुतियों में रेल परिवहन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने से संबंधित अनुभवों, दृष्टिकोणों तथा नवीन विचारों को भी साझा किया गया।
सम्मेलन के दौरान पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. मनोज सिंह, सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास), रेलवे बोर्ड एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आईआरआईटीएम परिसर में पौधरोपण किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरणीय स्थिरता तथा हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल रेल व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
सम्मेलन के प्रथम दिवस ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों को अपने अनुभव साझा करने, परिचालन संबंधी चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने तथा रेल परिवहन एवं माल परिचालन की दक्षता, प्रतिस्पर्धात्मकता और प्रभावशीलता को बढ़ाने के उद्देश्य से नवीन विचारों एवं कार्यनीतियों का आदान-प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।सम्मेलन के दौरान रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे की सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (PSUs) एवं जोनल रेलों के अधिकारी तथा आईआरआईटीएम के संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।



