कागजों में बहा 40 लाख का बजट, हकीकत में डूब रही बांसी; चेयरमैन साहब, कहाँ गया जल निकासी का पैसा?

सत्येन्द्र उपाध्याय
बांसी। दावों और वादों की पोल खोलने के लिए अक्सर एक अदद मानसून ही काफी होता है, लेकिन बांसी नगर पालिका के मामले में तो महज एक हल्की सी फुहार ने ही पूरी व्यवस्था को ‘पानी-पानी’ कर देता है। शासन से बांसी की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लाखों का बजट जारी हुआ, लेकिन धरातल की हकीकत यह है कि आज पूरी बांसी जलभराव की मार झेल रही है। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में भारी आक्रोश है और हर जुबां पर एक ही सवाल है— “चेयरमैन साहब, जल निकासी का पैसा कहाँ गया?”
दावों पर फिरा पानी, पहली किश्त का ₹40 लाख साफ!
विश्वस्त सूत्रों और विभागीय दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2022-23 में बांसी नगर पालिका को सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बजट आवंटित किया गया था। इस योजना के तहत ₹40 लाख की पहली किश्त नगर पालिका के खाते में आई थी। कागजों पर बकायदा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन धरातल पर काम के नाम पर सिर्फ ‘खिचड़ी’ पकाई गई। नतीजा आज सबके सामने है— मामूली बारिश होते ही पूरी बांसी तैरने लगती है।बांसी के मुख्य बाजारों और मोहल्लों में घुटनों तक भरे पानी ने नगर पालिका के भ्रष्टाचार की कलई खोलकर रख दी है। जलभराव के कारण सबसे ज्यादा मार स्थानीय दुकानदारों पर पड़ी है
हम हर साल टैक्स भरते हैं ताकि हमें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा बजट? अध्यक्ष और जिम्मेदार मौन!
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात बांसी नगर पालिका अध्यक्ष (चेयरमैन) और संबंधित अधिकारियों का रवैया है। जब भी इस ₹40 लाख के बजट के इस्तेमाल और जलभराव की समस्या पर उनसे सवाल किया जाता है, तो जिम्मेदार लोग या तो कैमरे से बचते नजर आते हैं या फिर गोलमोल जवाब देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। पहली किस्त डकार कर चैन की नींद सो रहे पालिका प्रशासन की यह खामोशी खुद-ब-खुद कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



