विशेष टिकट जांच अभियान में गलत टिकट एवं फर्जी पहचान पत्र के मामलों पर रेलवे सख्त

लखनऊ । पूर्वाेतर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के के लिए मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देशानुसार 27 जून .2026 से 05 जुलाई 2026 तक विभिन्न मेल/एक्सेप्रेस ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान ट्रेन संख्या 19038, 20104, 15023, 22537 एवं 12566 में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान कुछ यात्रियों द्वारा दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी आरक्षित टिकट पर यात्रा, गलत टिकट के आधार पर यात्रा तथा फर्जी/कूटरचित पहचान पत्र प्रस्तुत करने जैसी अनियमितताएँ पाई गई।
रेल प्रशासन ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम, 1989 तथा प्रचलित रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की है। इस प्रकार की अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
उपरोक्त अवधि में, शयनयान कोच में कुल 26 अनियमित यात्री पाये गये जिसमें 4 यात्री दूसरे के टिकट पर, 20 यात्री फर्जी आधार कार्ड पर तथा 2 यात्री विकलांग कोटे का दुरुपयोग करते हुए पाये गये। कार्यवाही के तहत 9 यात्रियों को रेलवे सुरक्षा बल को सुपुर्द किया गया एव 17 यात्रियों से जुर्माना वसूला गया। इसी प्रकार तृतीय वातानुकुलीत श्रेणी में 2 अनियमित यात्री अन्य के टिकट पर यात्रा करते हुए पाये गये जिनसे जुर्माना वसूला गया।



