लखनऊ की शान बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं रत्ना अग्रवाल

लखनऊ : लखनऊ की सांस्कृतिक मिट्टी से निकली, रत्ना अग्रवाल ने अपने अभिनय जीवन की शुरुआत आकाशवाणी लखनऊ से की थी। वहां से मंच तक का उनका सफर समर्पण, कला के प्रति प्रेम, और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियों की तलाश का परिणाम है। एक कुशल अभिनेत्री, निर्देशक और लेखिका के रूप में उन्होंने रंगमंच को नई ऊँचाइयाँ दी हैं।
रत्ना अग्रवाल ने अब तक 85 नाटकों में अभिनय किया है, जिनमें “आषाढ़ का एक दिन,” “आधे अधूरे,” और “सारी रात” जैसी प्रसिद्ध प्रस्तुतियाँ शामिल हैं। उनके मंच पर जीवंत अभिनय और भावनात्मक गहराई ने दर्शकों और समीक्षकों का समान रूप से मन जीता है।
निर्देशक के रूप में, उन्होंने 40 से अधिक नाटकों का निर्देशन किया है। इनमें सबसे चर्चित प्रस्तुति मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी “बूढ़ी काकी” पर आधारित नाट्य रूपांतरण रहा है, जिसकी कहानी, संवाद और मंचीय शिल्प को नाट्य प्रेमियों द्वारा खूब सराहा गया। इस नाटक ने न केवल बुज़ुर्गों के प्रति संवेदनशील सामाजिक दृष्टिकोण को उजागर किया, बल्कि प्रेमचंद की गहरी मानवीय सोच को रंगमंच पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। यह नाटक प्रेमचंद साहित्य महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में प्रस्तुत किया गया, जहाँ इसे विशेष प्रशंसा और सम्मान प्राप्त हुआ।
एक लेखिका के रूप में भी रत्ना अग्रवाल ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कई सामाजिक विषयों पर आधारित मौलिक नाटक लिखे हैं, जिनमें “भटकन” और “नए दिलाए दे” विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उनके लेखन में समाज की वास्तविकताओं को दर्शाने की गहरी समझ, भावनात्मक सच्चाई, और संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को द्वारा कला रत्न सम्मान, मितवा प्रोडक्शन हाउस की ओर से सर्वश्रेष्ठ निर्देशन, सर्वश्रेष्ठ पटकथा और सर्वश्रेष्ठ कहानी के लिए सम्मानित किया गया है। डामेश अकादमी द्वारा ‘कलाशी अवार्ड’ प्रदान किया गया है। पृथ्वी रंगमंच द्वारा उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशन पुरस्कार से नवाजा गया है। ऊर्जा एवं जल कैबिनेट मंत्री द्वारा वरिष्ठ अभिनेत्री सम्मान प्रदान किया गया है। इसके अलावा, नॉर्वे इंटरनेशनल प्रेमचंद सम्मान समेत कई अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार भी उन्हें प्राप्त हो चुके हैं।
रत्ना अग्रवाल का समर्पण, बहुआयामी प्रतिभा और सामाजिक चेतना उन्हें समकालीन रंगमंच के विशिष्ट और प्रेरणादायी कलाकारों की श्रेणी में लाकर खड़ा करती है। वे आज भी रंगमंच को एक सामाजिक संवाद का माध्यम मानते हुए लगातार सक्रिय हैं और अपनी कला के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य कर रही हैं।



