उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने  मण्डल नियंत्रक कार्यालय का निरीक्षण किया तथा मंडल की समीक्षा की

लखनऊ। पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने  लखनऊ स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मण्डल नियंत्रक कार्यालय का निरीक्षण किया तथा मंडल की समीक्षा की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक  गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा)  भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन)  नीतू सहित अन्य शाखाधिकारी उपस्थित थे।

मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के आरम्भ में महाप्रबंधक  उदय बोरवणकर ने लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मण्डल प्रशासन द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई ‘कॉफी टेबल बुक ‘ECHOES OF A CENTURY – LUCKNOW JUNCTION’ तथा ‘संरक्षा पत्रिका’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। इस काफी टेबल बुक में लखनऊ जंक्शन एवं लखनऊ मण्डल के आरम्भिक दिनों तथा उसकी गौरवशाली यात्रा का विस्तृत वर्णन दिया गया है। इसके साथ ही मण्डल के विभिन्न विभागों एवं लखनऊ परिक्षेत्र के स्टेशनों के परिवर्धन एवं क्रमिक विकास यात्रा का ब्यौरा सुन्दर चित्रों/आरेखों एवं पुराने दस्तावेजों के माध्यम से दर्शाया गया है।
इसके पश्चात् मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने महाप्रबंधक महोदय को मंडल में चल रहे परिचालनिक सुगमता, यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों, यात्री आय एवं व्यय, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, शिकायत निवारण तथा कर्मचारी कल्याण की दिशा से संबंधित कार्यों की प्रगति की पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल में संरक्षा, समयपालनबद्धता और यात्री सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंडल में चल रहे विकास कार्यों, बेहतर समन्वय तथा रेलवे विरासत को यात्री-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
समीक्षा के दौरान महाप्रबंधक  उदय बोरवणकर ने रेलवे की आय में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने संरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए रेल पथों के अनुरक्षण, चल स्टॉक के रखरखाव, सिग्नल प्रणाली तथा विद्युत से संबंधित कार्यों को शीर्ष वरीयता पर किए जाने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में रेलवे की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित पहल को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सतत विकास की दिशा में कार्य करना चाहिए।
श्री बोरवणकर ने कहा कि भारतीय रेल एक परिवार है और प्रत्येक कर्मचारी इसकी महत्वपूर्ण पूंजी है। उन्होंने कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज करने, रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्वरित बनाने तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की भी अपेक्षा की।
इससे पूर्व महाप्रबंधक  उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में स्थित मंडल नियंत्रक कक्ष का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित गतिविधियों का बारीकी से जायज़ा लिया। उन्होंने कार्यालय में किए गए नवीनीकरण कार्यों का अवलोकन किया और कार्यप्रणाली की सराहना की। इस दौरान उन्होंने मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों, विचारों और सुझावों को सुना तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में उन्होंने मण्डल की एन.ई.रेलवे मैंस कांग्रेस यूनियन, एस.सी/एसटी तथा ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भेंट वार्ता की।
इससे पूर्व महाप्रबंधक  उदय बोरवणकर ने लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के शताब्दी वर्ष (1926-2026) के अवसर पर इसी वर्ष 2026 में सेवानिवृत्ति पाने वाले, लखनऊ परिक्षेत्र मंे कार्यरत विभिन्न विभागों के 12 रेलवे कर्मचारियों को इस शताब्दी वर्ष की स्मृति स्वरूप विशेष सोविनियर प्रदान किये तथा उन्होंने स्टेशन पर हेरिटेज प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने स्टेशन परिसर में सफाई कार्य करने वाले सफाई मित्रों को पीपीई किट का वितरण किया तथा पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिये लिनेन से बने कपड़े के थैले यात्रियों को वितरित किया। उन्होंने कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे की प्रगति में कर्मचारियों का समर्पण और मेहनत अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button