उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

राम बाबू शर्मा की 17वीं पुण्यतिथि पर दिल्लीवासियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नई दिल्ली :’ दिल्ली की राजनीति और जनसेवा में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले पूर्व विधायक एवं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राम बाबू शर्मा की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर क़बूल नगर, शाहदरा स्थित श्री साईं मंदिर में श्रद्धांजलि सभा एवं निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया। श्रद्धा, सम्मान और सेवा भाव से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने स्वर्गीय राम बाबू शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सेवा शिविर के दौरान 500 से अधिक जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य एवं नेत्र जाँच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ और चश्मे वितरित किए गए। यह आयोजन जनसेवा के प्रति स्वर्गीय राम बाबू शर्मा की प्रतिबद्ध सोच को साकार रूप में प्रस्तुत करता दिखा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, स्वर्गीय राम बाबू शर्मा के सुपुत्र एवं पूर्व विधायक विपिन शर्मा, समाजसेवी पारस शर्मा (पिंकी), पूर्व विधायक एवं यमुना पार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, पार्षद शिवानी पांचाल, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज सहित अनेक वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जुबैर अहमद, भीष्म शर्मा, ईश्वर बागड़ी, अश्वनी शर्मा, सुशील तिवारी, महेश कपूर, मयंक चतुर्वेदी, जय करण चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय राम बाबू शर्मा एक दूरदर्शी, कर्मठ, सिद्धांतनिष्ठ और जनप्रिय नेता थे, जिनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता के रूप में उनका योगदान आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि राजीव भवन का निर्माण स्वर्गीय राम बाबू शर्मा का ऐतिहासिक योगदान है, जो आज भी कांग्रेस संगठन की वैचारिक शक्ति और लोकतांत्रिक संघर्षों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वहीं, पूर्व विधायक अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राम बाबू शर्मा का जीवन इस बात का जीवंत उदाहरण है कि राजनीति सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र की सेवा का माध्यम होनी चाहिए।

एक्रिडेटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय राम बाबू शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में उमड़ी विशाल जनभागीदारी और सेवा गतिविधियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि स्वर्गीय राम बाबू शर्मा आज भी जन-जन के दिलों में जीवित हैं और उनकी जनसेवा की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button