सेलिब्रिटी मेडोज AOA चुनाव, श्रवण कुमार विश्नोई बने निर्विरोध अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी घोषित

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेलिब्रिटी मेडोज अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के वार्षिक चुनाव रविवार को संपन्न हुए। चुनाव के बाद घोषित परिणामों में डॉ. (सी.एस.) श्रवण कुमार विश्नोई को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ ही पूरी नई टीम ने कार्यभार संभाल लिया है।
चुनाव समिति के अध्यक्ष ब्रजपाल सिंह की देखरेख में मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। सोसायटी के निवासियों ने अपार्टमेंट के विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए बढ़-चढ़कर मतदान किया। मतगणना के बाद चुनाव समिति ने आधिकारिक रूप से विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
घोषित परिणामों के अनुसार, राजीव कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, सुशील कुमार भट्ट को सचिव और प्रमिला शेखर को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उर्मिला राय को सह-सचिव चुना गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अमित पाठक, राहुल सिंह, रितेश जैसवाल और शैलेश चन्द्रा को शामिल किया गया है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रवण कुमार विश्नोई ने जीत के बाद निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोसायटी की सुरक्षा, स्वच्छता और रखरखाव उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रेजिडेंट्स के हितों का ध्यान रखते हुए सभी निर्णय पूरी पारदर्शिता के साथ लिए जाएंगे।
चुनाव के सफल आयोजन के लिए निवासियों ने चुनाव समिति की निष्पक्षता की सराहना की। निवर्तमान कार्यकारिणी ने नई टीम का स्वागत करते हुए उन्हें भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।



