मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ द्वारा लखनऊ–अयोध्या–कटरा रेलखंड का किया निरीक्षण
अयोध्या धाम एवं अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा

लखनऊ : 12 नवंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ–अयोध्या–कटरा रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से पहले स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली रेल लाइनों का जायजा लिया तथा रेल पटरियों एवं संबंधित रेल संरचनाओं की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के अगले क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष में रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन, परिचालन संबंधी गतिविधियों तथा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक का आगमन अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर हुआ, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन के सभी प्रसाधन कक्षों (वॉशरूम), पार्किंग स्थल, यात्री होल्डिंग एरिया, प्रतीक्षालय तथा स्टेशन परिसर के अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति देखी। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की जानकारी ली। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने नई वाशिंग लाइन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही, रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


