कला निकेतन सोसायटी उत्तर प्रदेश के पंचम स्थापना दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

लखनऊ । कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को समर्पित प्रतिष्ठित संस्था कला निकेतन सोसायटी, उत्तर प्रदेश के पंचम स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता कला निकेतन सोसायटी एवं मालविका आर्ट गैलरी के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन में नन्हे बच्चों से लेकर युवा एवं उभरते कलाकारों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कलाकारों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से समाज, प्रकृति, पर्यावरण, मानवीय संवेदनाओं तथा व्यक्तिगत भावनाओं से जुड़े विविध विषयों को कैनवस पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रत्येक कृति में कलाकारों की कल्पनाशीलता, भावनात्मक अभिव्यक्ति और कलात्मक दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मालविका आर्ट गैलरी की निदेशक मालविका कपूर जी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ कलाकार अमित कुमार जी तथा अतिथि के रूप में स्वतंत्र कलाकार रश्मि श्रीवास्तव जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रतिभागी कलाकारों की कलाकृतियों का अवलोकन किया। सोसायटी द्वारा समय-समय पर कला प्रदर्शनियाँ, कार्यशालाएँ, प्रतियोगिताएँ एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे कलाकारों को मार्गदर्शन और पहचान प्राप्त होती है।
पंचम स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को कला की ओर आकर्षित करना, उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारना तथा उन्हें आत्म-अभिव्यक्ति का एक सकारात्मक और प्रेरक मंच उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर मालविका कपूर जी, मुख्य अतिथि अमित कुमार जी, अतिथि रश्मि श्रीवास्तव जी एवं संयोजन टीम—शिवम वर्मा, हर्षिका सिंह और मानसी मौर्य—द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों एवं कलाकारों को प्रमाण पत्र तथा पुरस्कृत कलाकारों को स्मृति चिन्ह् व प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर कला निकेतन सोसायटी के अभिभावक राजेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और कलाकारों की कृतियों की सराहना की।



