दिल्ली की जनता द्वारा शीशमहल से निकाले जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने आखिरकार एक एकड़ का सरकारी बंगला लेकर की हठधर्मी पूरी की : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली एवं देश की जनता ने आज आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को अपने इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन एवं 2013 विधानसभा चुनाव लड़ते समय दिखाये राजनीतिक आदर्शों को पूरी तरह त्यागे हुए देखा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि भ्रष्टाचार में लिप्त अरविंद केजरीवाल सरकार को ही नहीं खुद अरविंद केजरीवाल को भी चुनाव हरा कर दिल्ली की जनता ने उन्हे सत्ता से बेदखल किया था।
शराब घोटाले सहित अनेक घोटालों ने अरविंद केजरीवाल सरकार की हार की पृष्ठभूमि तैयार की पर इसमें सबसे बड़ी भूमिका रही केजरीवाल द्वारा कोविड काल में अवैध अनैतिक रूप से बनाये शीशमहल बंगले की।
शीशमहल बंगले के निर्माण एवं शराब घोटाले ने जनता के सामने एक सवाल ला दिया था कि क्या यह वही अरविंद केजरीवाल है जिसने 2013 के चुनाव से पहले एफिडेविट देकर वादा किया था कि सत्ता में आया तो बंगला या गाड़ी नही लूंगा और कहा था जिस विधायक या मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा उसे विधानसभा से बाहर कर दूंगा?
केजरीवाल के शीशमहल निर्माण एवं शराब घोटाले से त्रस्त दिल्ली की जनता ने 8 फरवरी 2025 को उन्हे दिल्ली की सत्ता से बेदखल कर दिया पर विडम्बना देखिए कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाते हथियाये शीशमहल से बेदखल होने के ठीक आठ माह बाद आज 7 अक्टूबर को केजरीवाल ने “आप” मुखिया होने का दाव चल कर दिल्ली के सबसे बड़े बंगलों में से एक 95 लोधी एस्टेट खुद को आवंटित करवा लिया।
दिल्ली की जनता द्वारा शीशमहल से निकाले जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने आखिरकार एक एकड़ का सरकारी बंगला लेकर आज अपनी हठधर्मी तो पूरी कर ली पर जनता की निगाह में अपनी बची कुची राजनीतिक साख भी खो दी है।
दिल्ली एवं देश की जनता यह देखकर स्तब्ध है कि जो केजरीवाल 2013 में एफिडेविड देकर सरकारी घर ना लेने का वादा करता था वो आज बंगले के लिए इतना दिवाना हो गया कि न्यायालय में “आप” मुखिया होने का एफिडेविट देकर एकड़ से भी बड़ा बंगला ले डाला।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि शीशमहल ने केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से बेदखल करवाया और 95 लोधी एस्टेट जैसा बड़ा बंगला लेना उनकी पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी दर्जा खोने का कारण बनेगा।


