स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” 2025 अभियान का शुभारम्भ

लखनऊ : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” 2025 अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर 2025 को मंडल चिकित्सालय उत्तर रेलवे लखनऊ में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संगीता सागर की अध्यक्षता में महिलाओं हेतु एक वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। उक्त जांच शिविर में श्री सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ ने मुख्य अतिथि के रूप में एवं श्रीमती निरुपमा वर्मा, अध्यक्षा, उत्तर रेलवे महिला कल्याण समिति ने सम्मानित अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर मेगा स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया एवं निक्षय मित्र के माध्यम से तपेदिक (TB) रोगियों को फल एवं जूस वितरण किया। अध्यक्षा महोदया एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण का शुभारंभ किया। उक्त जांच शिविर में महिलाओं की सामान्य जांच, स्त्री रोग संबंधी परामर्श, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक रोग, त्वचा रोग एवं स्तन, सर्वाइकल एवं मुख कैंसर जांच के लिए विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की गयी। लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाली 12 स्वास्थ्य इकाइयों में भी समान रूप से महिलाओं हेतु स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किये गए। मंडल चिकित्सालय उत्तर रेलवे लखनऊ से कुल 90 महिलाएं एवं स्वास्थ्य इकाइयों में कुल 166 महिलाएं स्वास्थ्य जांच शिविर से लाभान्वित हुई।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल सदैव अपने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस अभियान से न केवल महिला कर्मचारियों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।



