पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में टिकट चेकिंग स्टाफ (टिकट परीक्षक/निरीक्षक) के लिए नई बायोमेट्रिक साइन-ऑन और साइन-ऑफ प्रणाली प्रारम्भ

लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल ने टिकट चेकिंग स्टाफ (टिकट परीक्षक/निरीक्षक) की ड्यूटी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में नई बायोमेट्रिक साइन-ऑन और साइन-ऑफ प्रणाली प्रारम्भ की है।
इसी परिप्रेक्ष्य में लखनऊ मण्डल के सभी 06 स्टेशनों की टीटीई लॉबी यथा गोरखपुर, लखनऊ जं0, ऐशबाग जं0, गोमतीनगर, गोण्डा ज0 तथा सीतापुर जं0, पर ड्यूटी घंटों की सटीक निगरानी हेतु टिकट चेकिंग लॉबी में टिकट परीक्षक/निरीक्षक की बायोमेट्रिक उपस्थिति हेतु ड्यूटी साइन-इन और साइन-आउट प्रक्रिया प्रारम्भ हो गयी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद से टिकट परीक्षक/निरीक्षक को ड्यूटी प्रारम्भ करने और समाप्त करने के लिए अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। जिससे चेकिंग स्टाफ के डियूटी घन्टे, आराम के घन्टे तथा (एचओईआर) नियमों के अनुपालन की पारदर्शिता के साथ गणना करने में मदद होगी।
पूर्व में टिकट परीक्षक/निरीक्षक को अपनी ड्यूटी के लिए मैन्युअल रजिस्टर में साइन करना पड़ता था। जिससे पारंपरिक व्यवस्था में कई बार गलतियों और अनुपस्थिति दर्ज होने की संभावना रहती थी। इससे न केवल कर्मचारियों की वास्तविक समय (रियल टाइम) अटेंडेंस दर्ज होगी, बल्कि यह सुनिश्चित होगा कि संबंधित कर्मचारी समय पर सही जगह पर मौजूद हैं। इस प्रणाली के तहत टिकट परीक्षक/निरीक्षक की उपस्थिति का पूरा ब्यौरा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। जिसे कभी भी चेक किया जा सकेगा।
इस प्रणाली से समय की बचत होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। चेकिंग कर्मचारियों के बीच समय की पाबंदी तथा अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा। इस प्रणाली के लागू होने से मैनुअल पेपर रजिस्टर और रिकॉड-कीपिंग का उपयोग नही करना पडे़गा।



