पूर्वोत्तर रेलवे मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित
गोमतीनगर टर्मिनल स्टेशन का रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के अधिकारियों के साथ निरीक्षण

लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने और सुरक्षित रेल परिवहन सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मण्डल के स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने और यात्रियों की सुरक्षा व संरक्षा के लिए समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए पूर्वाेत्तर रेलवे की महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन) रजनीश गुप्ता सहित मण्डल के सभी शाखाधिकारियों की उपस्थिति में मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की तथा गोमतीनगर टर्मिनल स्टेशन का रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
समीक्षा बैठक के आरम्भ अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से मण्डल में आधारभूत संरचना के विकास, परिचालनिक क्षमता में सुधार, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, यात्री व माल यातायात, संरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रगति तथा मण्डल के अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों तथा विशेष रूप से गोमतीनगर स्टेशन पर हो रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति से महाप्रबन्धक को अवगत कराया।

अपने सम्बोधन में महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने कहा, “रेलवे का प्राथमिक दायित्व यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है। पूर्वाेत्तर रेलवे का आधारभूत ढांचा तेजी से विकसित हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप माल यातायात में भी वृद्धि हो रही है। सभी स्टेशनों पर मूलभूत यात्री सुविधाओं और परिचालनिक संरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मण्डल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य योजना बनाकर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और कार्य के दौरान आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि मण्डल को यात्रियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए गुणवत्ता और समयबद्धता के उच्च मानकों को बनाए रखना होगा।
मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि लखनऊ मण्डल आपके मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है। आपने हमेशा मण्डल के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार किया है। मण्डल के सभी रेलकर्मी आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध हैं। उन्होंने महाप्रबन्धक को आश्वस्त किया कि लखनऊ मण्डल यात्री सुविधा, सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति हर संभव प्रयास कर रहा है।
इसके पश्चात महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के द्वितीय इंट्री प्रवेश द्वार पहुॅचने पर स्टेशन के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया तथा द्वितीय इंट्री पर चल रहे आधारभूत संरचना विकास कार्यों को देखा। इसके उपरांत प्रथम इंट्री प्रवेश द्वार की तरफ नॉर्थ एवं साउथ टर्मिनल भवनों, वाणिज्यिक ब्लॉक, फ्लाईओवर, और एयर कॉनकोर्स के विकास कार्यो का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के मुख्य परियोजना प्रबन्धक श्री पावस यादव ने गोमतीनगर स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। महाप्रबन्धक सुश्री सौम्या माथुर ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं में विस्तार और ट्रेन परिचालन की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर लखनऊ मण्डल के समस्त शाखाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।



