उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

हिंदुस्तान की शिक्षा प्रणाली को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी : राहुल गाँधी

नई दिल्ली : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत का भविष्य हमारी शिक्षा प्रणाली पर निर्भर करता है, लेकिन भाजपा-आरएसएस इसे नष्ट करने पर तुले हुए हैं।

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘इंडिया’ गठबंधन के छात्र संगठनों द्वारा आयोजित एक सामूहिक प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति आरएसएस के इशारे पर हो रही है और आने वाले समय में राज्यों के विश्वविद्यालयों के कुलपति भी आरएसएस द्वारा चुने हुए लोग ही बनेंगे। ये देश के लिए खतरनाक है और इसे रोकना होगा।

उन्होंने आगे कहा, ” हमारी शिक्षा प्रणाली धीरे-धीरे आरएसएस के हाथों में जा रही है, अगर पूरी तरह चली गई तो यह देश बर्बाद हो जाएगा। युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा और देश की प्रगति रुक जाएगी।”

बेरोजगारी को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुंभ मेले पर बोलते हैं, लेकिन युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई पर एक शब्द नहीं बोलते। वे केवल अडानी-अंबानी जैसे कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और आरएसएस को संस्थानों पर कब्जा दिलाने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने छात्र संगठनों से अपील की कि वे इस लड़ाई को देश के हर कोने तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन देश की शिक्षा प्रणाली की रक्षा के लिए एकजुट और एकमत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस संघर्ष में छात्रों के साथ हैं और जहां भी उनकी जरूरत होगी, वे मौजूद रहेंगे।

‘इंडिया’ गठबंधन के छात्र संगठनों ने यह प्रदर्शन पेपर लीक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति को वापस लेने, शिक्षकों की नियुक्ति पर यूजीसी मसौदा नियमावली को रद्द करने, विश्वविद्यालय चुनाव जैसे मुद्दों पर आयोजित किया था।

Related Articles

Back to top button