विधानसभा का सत्र आते ही “आप” नेता हर उटपटांग बात उठा कर सदन से भागते हैं ताकि सी.ए.जी. रिपोर्ट पर चर्चा से बच सकें : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि विधानसभा में प्रस्तुत सी.ए.जी. रिपोर्ट पर चर्चा या जवाबदेही से बचने के लिए आम आदमी पार्टी नेता बेबुनियाद, झूठे, उटपटांग विषय उठा कर चर्चा से भागते हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आज सरकार ने सी.ए.जी. की डी.टी.सी. पर लंबित रिपोर्ट को सदन में रखा तो बौखलाई आम आदमी पार्टी ने बजट से पूर्व पेश किये जाने वाले आर्थिक सर्वेक्षण को लेकर कुतर्कों में तर्क ढूंढने शुरू कर दिए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि सी.ए.जी. की हर रिपोर्ट केजरीवाल सरकार का एक नया घोटाला खोलती है और आज की रिपोर्ट ने डी.टी.सी. घोटाले को खोला जिस पर खुद मुख्य मंत्री एवं परिवहन मंत्री रहीं सुश्री आतिशी मार्लेना जवाबदेह थीं और उससे बचने के लिए उन्होने आर्थिक सर्वेक्षण के बिना बजट प्रस्तुतिकरण पर सवाल खड़े करने की कोशिश की पर सफल ना हो सकीं।
सचदेवा ने कहा है कि जहां तक आर्थिक सर्वेक्षण का प्रश्न है उसके लिए सभी विभागों के आडिट की जरूरत होती है जो केजरीवाल एवं मार्लेना सरकारों के भ्रष्टाचार के कारण हो नही पाये हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि केजरीवाल सरकार अनेक वर्षों से बिना आडिट के आर्थिक सर्वेक्षण के नाम पर खुद के बनाये आंकड़े पेश कर दिल्ली को गुमराह करती रही और अंततः उसी का नतीज़ा है की गिरते गिरते दिल्ली सरकार के बजट को घाटे का बजट बना गई।



