उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र महिलाओं का पंजीकरण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सहायता से pmmvy.wcd.gov.in पोर्टल पर किया जायेगा

लखनऊ : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री, बेबी रानी मौर्य एवं महिला एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति में योजना भवन सभागार लखनऊ में प्रारम्भ किया गया.

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओ एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य सम्बन्धी व्यवहार में सुधार लाना एवं उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करना ताकि गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान व बच्चे के प्रसव के पश्चात पर्याप्त स्वास्थ्य लाभ मिल सके।

योजना अंतर्गत लाभार्थी को पहले जीवित बच्चे (बालक या बालिका) के जन्म पर रूपये 5000 दो किस्तों में (प्रथम किस्त रूपये 3000, द्वितीय किस्त रूपये 2000) तथा दूसरे जीवित बच्चे (केवल बालिका) के जन्म पर रूपये 6000 एक किस्त में प्रदान किया जायेगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र महिलाओं का पंजीकरण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सहायता से pmmvy.wcd.gov.in पोर्टल पर किया जायेगा।

आवेदन प्रक्रिया केवल PMMVY पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जायेगी। PMMVY के तहत लाभ प्राप्त करने हेतु लाभार्थी का बैंक/डाकघर खाता आधार से जुड़ा होना अनिवार्य है। योजना के लाभार्थियों को लाभ की किस्त डीबीटी के माध्यम से ऑनलाइन हस्तांतरित की जायेगी।

प्रशिक्षण में प्रदेश के समस्त जिला कार्यकम अधिकारी, यूनिसेफ तथा यू.पी.टी.एस.यू. के प्रतिनिधियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली एवं एन.आई.सी. भारत सरकार से आये कटेंट राइटर/साइंटिफिक इंजीनियर द्वारा उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम निपसिड के सहयोग से कराया गया तथा अभी 20, 24, 25 एवं 26 जून 2024 को प्रदेश के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया जायेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार उत्तर प्रदेश, अपर निदेशक, वित्त एवं विभाग के समस्त उपनिदेशक आदि उपस्थित हुये।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button