उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

मुख्यमंत्री पटनायक और प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा को बर्बाद किया : खरगे 

मुख्यमंत्री पटनायक और प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा को बर्बाद किया : खरगे

ओड़िशा की बीजेडी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलकर ओडिशा को बर्बाद किया है। चुनाव से पहले बीजेडी और भाजपा के बीच गठबंधन था। अब दोनों अलग-अलग हो गए हैं। चुनाव के बाद दोनों फिर एक हो जाएंगे। ये जनता और बीजेडी-भाजपा के बीच चुनाव चल रहा है। जनता भाजपा-बीजेडी से नहीं लड़ी तो दलित, आदिवासी और पिछड़े अपना आरक्षण खो देंगे।

ओडिशा के बालासोर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों के लिए काम नहीं किया। देश में गरीबी बढ़ रही है। लोग परेशान हैं। दूसरी तरफ बेरोजगारी बढ़ रही है, युवा परेशान हैं। लेकिन मोदी को इसकी फिक्र नहीं है, उन्हें केवल किसी भी तरह सत्ता में आने की फिक्र है। केंद्र की भाजपा सरकार और ओड़िशा की बीजेडी सरकार रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही हैं। आज केंद्र में 30 लाख पद खाली पड़े हुए हैं। ओडिशा में डेढ़ लाख पद खाली हैं। नवीन पटनायक और नरेंद्र मोदी भर्ती नहीं कर रहे हैं।

खरगे ने कहा कि आज ओडिशा सबसे गरीब राज्य है। ओडिशा में प्राकृतिक संपदा सबसे ज्यादा है। ये संपत्ति अडानी-अंबानी, नरेंद्र मोदी और नवीन पटनायक लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को नहीं हराया तो लोकतंत्र और संविधान खतरे में होगा, जिससे जनता का भविष्य भी खतरे में होगा।

भाजपा पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता संबित पात्रा जगन्नाथ प्रभु को मोदी का भक्त बता रहे हैं, ये शर्मनाक है। हिंदू धर्म में विष्णु के दस अवतार हैं। अब मोदी को 11वां अवतार बनाने की कोशिश चल रही है। मोदी की गलत नीतियों के कारण नोटबंदी और कोरोना महामारी में हजारों लोग परेशान हुए। ऐसा आदमी कभी किसी की भलाई नहीं कर सकता।

बालासोर रेल हादसे का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, पिछले साल यहां बड़ी रेल दुर्घटना हुई। मैंने नरेंद्र मोदी को लोगों की मदद के लिए पत्र लिखा। आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब नहीं दिया। उनके दिल में लोगों के लिए कोई दर्द नहीं है।

मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए पूरे देश में घूम रहे हैं, लेकिन आज तक मणिपुर नहीं गए। मणिपुर में कई लोगों की जान चली गई। लोगों के घर जल गए और हजारों लोग बेघर हो गए। जब मणिपुर जल रहा था, तब नरेंद्र मोदी विदेश में घूम रहे थे।

खरगे ने जनता से चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर एमएसपी की कानूनी गारंटी मिलेगी। फसल बीमा योजना में परिवर्तन कर फसल का नुकसान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। खेती के सामान को जीएसटी मुक्त किया जाएगा। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पद भरे जाएंगे। युवाओं को अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के तहत एक साल में एक लाख रूपये दिए जाएंगे। गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये दिए जाएंगे। गरीबों को हर महीने पांच किलो की जगह दस किलो मुफ्त अनाज दिया जाएगा। मनरेगा में न्यूनतम मजदूरी 400 रूपये मिलेगी।

Cherish Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button