चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा कर प्रियंका कक्कड़ ने अपनी अराजक, लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है : दिल्ली भाजपा प्रवक्ता

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ द्वारा चुनाव आयोग को भाजपा की एकसटेंडीड विंग बताने एवं आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने की निंदा की है।
कपूर ने कहा है कि यह कोई पहला मौका नही जब “आप” के किसी नेता ने भारतीय चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किये हों। स्वंय मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल अनेक बार चुनाव आयोग ही क्या न्यायालयों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर चुके हैं।
भारतीय चुनाव आयोग की निष्पक्षता विश्व विख्यात है और इसी लिए समय समय पर अनेक विवादित देशों में लोकतंत्र की पुनः स्थापना के लिए हमारे चुनाव आयोग के प्रतिनिधी बुलाये जाते हैं। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने से पहले “आप” नेता यह भी भूल जाते हैं की खुद आपने तीन चुनाव दिल्ली में और एक पंजाब में इसी चुनाव आयोग के आधीन जीते हैं।
चुनाव आयोग पर सवाल उठा कर प्रियंका कक्कड़ ने अपनी अराजक, लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है और दिल्ली की जनता उन्हे कभी माफ नही करेगी।


