उत्तर रेलवे ने 14वां मतदाता दिवस मनाया
महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने मतदान शपथ दिलाई

नई दिल्ली : भारत के चुनाव आयोग की स्थापना 25 जनवरी, 1950 को हुई थी । इस दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है । राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और उन्हें चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है । देश के मतदाताओं को समर्पित, राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य मतदाताओं विशेष रूप से, नए और पात्र युवा मतदाताओं की मदद करना है ।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह मनाने के लिए, आज उत्तर रेलवे, प्रधान कार्यालय, बडौदा हाउस में मतदाता दिवस का आयोजन किया गया । उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री शोभन चौधुरी ने रेल कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई और उन्हें जाति, धर्म, भाषा, समुदाय व अन्य बातों के बहकावे में न आकर निर्भीक रूप से मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया । इस अवसर पर, उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री ए.के. सिंघल, विभागों के विभागाध्यक्ष अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।



