दिल्ली भाजपा सौरभ भारद्वाज की बर्खास्तगी की मांग को लेकर 27 दिसंबर को करेगी विरोध प्रदर्शन : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में एक तरफ नकली दवाईयां बांटी जा रही है तो दूसरी तरफ दिल्ली सरकार के अस्पतालों में मेडिकल जांच, अल्ट्रासाउंड एवं एम.आर.आई. तो छोड़िए साधारण एक्स रे तक के लिए लम्बी डेट डाली जा रही हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की खुद मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गत 3 दिन में अपने विभिन्न बयानों में यह स्वीकार किया है की जुलाई 2023 से उनके संज्ञान में था और अक्टूबर 2023 से तो पुष्ट जानकारी में था की सरकारी अस्पतालों में मेडिकल स्टेंडर्ड से कमजोर दवाऐं बांटी जा रही हैं।
ऐसे मे सवाल उठता है की एक मंत्री होने के नाते सौरभ भारद्वाज ने अपने संज्ञान में आने पर तो छोड़िए, अक्टूबर में मामला पुष्ट होने पर भी कोई कार्रवाई नही की और अब जब मामला सार्वजनिक हो गया है तो अधिकारियों पर दोषारोपण कर रहे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की दिल्ली की जनता समझ रही है की सरकारी अस्पतालों में नकली दवाओं के वितरण में मंत्री सौरभ भारद्वाज ही नही खुद मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल की भूमिका संदिग्ध है। सचदेवा ने कहा है की दिल्ली भाजपा सौरभ भारद्वाज की बर्खास्तगी की मांग को लेकर 27 दिसम्बर को एक विरोध प्रदर्शन करेगी।



