भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश लगातार पिछड़ता जा रहा है : अनिल दुबे

लखनऊ / गोण्डा : राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश लगातार पिछड़ता जा रहा है, और प्रदेश का किसान भी लगातार पिछड़ता जा रहा है। इस सरकार में किसानों और नौजवानों के लिए न कोई विज़न है और न ही कोई इक्षाशक्ति है, 2022 तक किसानों कि आमदनी दोगुनी करने, लागत का डेढ़ गुना मूल्य देने और 2 करोड़ नौजवानों को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई और केवल प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। दस वर्ष से लगातार सत्ताशीन सरकार, जनहित में कोई भी काम नहीं कर पाई। भाजपा सरकार की हकीकत ये है कि वो अपने बजट का 60% भी पैसा खर्च नहीं कर पाई।

श्री दुबे ने गोण्डा में चौधरी चरण सिंह फील्ड हॉस्टल में कार्यकर्ताओं कि बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल इंडिया गठबंधन के साथ है और देश में परिवर्तन कि लहर है। अभी 5 राज्यों के चुनाव में जनता ने परिवर्तन का जनादेश देकर यह बता दिया है कि जब राज्यों में परिवर्तन हो सकता है तो केंद्र में भी परिवर्तन होगा। उन्होंने प्रदेश की सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का दूसरा कार्यकाल चल रहा है लेकिन सरकार गन्ना किसानों को वाजिब मूल्य तक नहीं दे पाई। गन्ना किसान अपने बकाये के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर ज़ू तक नही रेंग रही। उन्होंने कहा कि अगर 23 दिसंबर तक गन्ने का समर्थन मूल्य सरकार ने नही बताया तो राष्ट्रीय लोकदल 26 दिसंबर को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करेगी।

इसके पूर्व श्री दुबे के गोण्डा पहुँचने पर कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, छात्रों ने 51 किलो व 21 किलो कि मालाओं से उन्हें लाद दिया, उन्होंने अपने स्वागत पर सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष सिद्ध देव सिंह के अगुवाई में हुए कार्यक्रम में तरबगंज विधानसभा में उपविजेता रहे रामभजन चौबे, रालोद के प्रदेश सचिव सूर्य नारायण सिंह, राम त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष अलगू गुप्ता, सरदार उत्तम सिंह, नगर अध्यक्ष वाजिद अली, राजेश श्रीवास्तव, अधिवक्ता अमित द्विवेदी, रविंद्र पांडेय, कलाधर पांडेय, अनिल श्रीवास्तव, विन्देश्वरी दुबे, अतुल दुबे, रामबुझारत वर्मा, रामप्रसाद वर्मा, डॉ संजय पांडेय व फर्रुख अली आदि उपस्थित रहे।
श्री दुबे ने बैठक से पूर्व फील्ड हॉस्टल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रध्दा सुमन अर्पित किए।




