उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

राजधानी में जानलेवा प्रदूषण व कमरतोड़ महंगाई के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने केन्द्र व दिल्ली सरकार को सीधे जिम्मेदार ठहराया

नई दिल्ली : जानलेवा प्रदूषण और कमरतोड़ महंगाई के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने केन्द्र व भाजपा सरकार को सीधे तौर जिम्मेदार ठहराते हुए इस दम घोटू प्रदूषण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज करने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली आज बारुद के ढेर पर खड़ी है और केन्द्र व दिल्ली सरकार आपस में लड़ने व एक दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त है। श्री लवली आज प्रदेश कर्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की आपात स्थिति को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस व एनडीएमसी की फायर सर्विस को बड़े पैमाने पर पानी छिड़काव के कार्य में लगाया जाए। कांग्रेस नेता श्री जगजीवन शर्मा प्रदूषण के चलते पार्टी कार्यालय में गिर पड़े।

संवाददाता सम्मेलन में श्री लवली के अलावा पूर्व मंत्री  मंगतराम सिंघल, किरण वालिया, पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा, दिल्ली नगर निगम प्रभारी  जितेन्द्र कुमार कोचर, निगम में दल की नेता नाजिया दानिश, निगम पार्षद अरीबा खान, शगुफता, हाजी जरीफ, समीर अहमद, सबिला बेगम के अलावा जगजीवन शर्मा, मौजूद थे।

श्री लवली ने आंकड़ों का हवाला देते हुए केन्द्र व भाजपा सरकार पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि आज दोनो सरकारों के निकम्मेपन के कारण दिल्ली में 10 वर्ष तक के बच्चों की उम्र औसतन 12 वर्ष घट गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर तीसरा बच्चा अस्थमा, सांस व फैफड़ो आदि की बीमारी से पीड़ित हैं। इससे भी शर्मनाक यह है कि राजधानी में 14000 से भी अधिक बच्चे सांस लेने में दिक्कत की बीमारी से मर जाते है। उन्होंने कहा आज सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट दोनो सरकारों को बार-बार फटकार लगा रही है लेकिन उसके बावजूद प्रदूषण घटने की बजाए बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक्यूआई प्रदूषण के लेवल ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। श्री लवली ने आंकडों का हवाला देते हुए कहा कि 2022 में पराली जलाने की 6 राज्यों में 22029 घटनाऐं रिकॉर्ड थी जो आज नवम्बर 2023 में घटकर 16329 हो गई है। उन्होंने कहा कि सच यह है कि दिल्ली में 42 प्रतिशत प्रदूषण वाहनों द्वारा होता है और इसका सीधा कारण है कि सरकार पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम देने में विफल रही है।
श्री लवली ने कहा कि आज भारत में अमरीका के राजदूत राजधानी में प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे है। उन्होंने याद दिलाया कि दिल्ली में कांग्रेस शासन में दिल्ली को इसी अमरीका ने क्लीन सिटी और बेहतर सिटी का अवार्ड दिया था जिसे बकायदा दिल्ली की तत्कालीन मुख्य सचिव श्रीमती शैल्जा चन्द्रा ने ग्रहण किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक झटके में 9000 सीएनजी बसों का बेड़ा दिल्ली में उतारा था, जो मौजूदा सरकार की बेरुखी के कारण आज खटारा बसों में तबदील हो गई है। श्री लवली ने कहा कि दिल्ली में स्मॉग टावर लगाए तो गए लेकिन आज वो बंद पड़े है, जो पूरी तरह आम जनता से खिलवाड़ है। उन्हांने यह भी कहा कि दिल्ली कांग्रेस इस मुददे पर राजनीति नही करना चाहती इसलिए हमने दिवाली तक धरना प्रदर्शन न करने का निर्णय किया है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खास तौर पर गरीब लोगों को मास्क बांटने व प्रदूषण से बचने के उपाय भी सुझाने का आग्रह किया है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि केवल पांचवी तक के बच्चों की छुट्टी की गई है, क्या 12वीं तक के बच्चे प्रदूषण से प्रभावित नही होते।

मुकेश शर्मा ने तल्ख अंदाज में दोनो सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि आजादी के बाद यह पहला मौका है कि जब करवा चौथ के पवित्र त्यौहार पर दिल्ली में सुहागिनों को चॉद आसमान में काली परत के कारण 28 मिनट देर से दिखा। दिल्ली आज दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। हम दिल्ली में नही बल्कि गैस चेम्बर वाले शहर में रह रहे है। उन्होंने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि प्याज की कीमतों में 120 प्रतिशत की वृद्धि हुई है इसके साथ साथ कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर गरीब आदमी की दिवाली को फीका कर दिया है। उन्होंने कहा कि 2022 में जो प्याज 35 रुपये किलो थी आज वो 90-100 रुपये बिक रही है। कमर्शियल सिलेंडर पर 300 रुपये अधिक की बढ़ोतरी कर दी गई।

निगम पार्षद नाजिया दानिश, शगुफता व अरीबा खान ने दोनो सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकारें अक्टूबर के महीने में चेतती है और पूरा साल केवल फोटो सेशन में ही बिताते है । तीनों ने यह भी कहा कि प्रदूषण को खत्म करने के लिए केवल 40 करोड़ का बजट रखना उॅट के मुॅह में जीरे के समान है। वहीं दूसरी ओर विज्ञापन पर 1000 करोड़ से भी अधिक खर्च कर दिए गए है जो इस सरकार की नीति व नियत दोनो में खोट का प्रमाण है।

निगम के प्रभारी  जितेन्द्र कोचर सभी निगम पार्षदों के साथ अच्छी खासी तैयारी व सरकारों के रवैये के खिलाफ गुस्से में थे। संवाददाता सम्मेलन में एक बुर्जुग ने बुजुर्गों की हालत बयान करते हुए मुँह पर मास्क के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर भी लगा रखा था।

संवाददाता सम्मेलन में  लवली,  मुकेश शर्मा, जितेन्द्र कोचर सहित सभी निगम पार्षदां ने मास्क लगा रखे थे व प्याज की माला पहन रखी थी। संवाददाता सम्मेलन में सभी नेताओं ने हाथों मे तख्तियां ले रखी थी जिन पर प्रदूषण व महंगाई को लेकर लिखे हुए नारे थे। ज्ञातव्य है कांग्रेस जवाब दो हिसाब दो अभियान चला रही है और आज उसी अभियान के तहत यह संवाददाता सम्मेलन किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button