भाजपाइयों के सत्ता घमंड और ट्रैफिक पुलिस के वसूली उद्योग की देन है अलीगढ़ में भाजपाइयों और पुलिस का टकराव: डा. गिरीश

अलीगढ़ : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डा. गिरीश ने कहा कि बुधवार की रात अलीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुआ शर्मनाक टकराव सत्ता के नशे में चूर भाजपाइयों की अराजकता और ट्रैफिक पुलिस/पुलिस द्वारा जनता से निरन्तर की जा रही वैध- अवैध वसूली की कारगुजारियों की प्रतिक्रिया का परिणाम है। यदि शासक दल और सरकार ने समय रहते दोनों तरह की कारगुजारियों पर रोक न लगायी तो कहीं भी, कभी भी स्थिति विस्फोटक बन सकती है जो शांति- व्यवस्था को चुनौती खड़ी कर सकती है।
प्रान्तीय और राष्ट्रीय राजनीति में जाने से पूर्व लंबे समय तक अलीगढ़ में जनता के सवालों पर जुझारू आंदोलन करते रहे भाकपा नेता डा. गिरीश ने यहाँ जारी एक प्रेस बयान में कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा पर पूर्व की संजय गांधी काल की कांग्रेस कल्चर हावी हो गई है और उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सामान्यजनों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और यहाँ तक कि मीडियाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की खबरें मिलती ही रहती हैं। औरों से अलग पार्टी का दावा करने वाली भाजपा के लिये ये कार्यवाहियाँ शर्मसार करने वाली हैं।
दूसरी ओर भाजपा के शासन काल में यूं तो समूचा पुलिस- प्रशासन जनता के निर्वाध उत्पीड़न में जुटा है, वहीं ट्रैफिक पुलिस ने जनता से वैध- अवैध वसूली की सारी हदें पार कर दी हैं। कारों, मोटर साइकिलों और अन्य वाहन चालकों को आनलाइन चालान की धमकी देकर उनसे धन वसूली की जाती है और न देने पर चालान काट दिया जाता है। ‘क्या नियम तोड़ा’ ये बताया तक नहीं जाता। समूह बना कर वर्दी और डंडे के बल पर वसूली का यह खेल पुलिस आए दिन खेलती रहती है। भयवश वाहन चालक जान बचाने में ही खैर समझ लेता है।
आपबीती का जिक्र करते हुये डा. गिरीश ने बताया कि 12 अक्तूबर 23 को वे शताब्दी एक्स्प्रेस से लखनऊ से अलीगढ़ आरहे थे तो हाथरस जाने के लिये उन्होने निजी कार अलीगढ़ मँगवा ली। चालक को निर्देश दिया कि गाड़ी कुछ लेट है, अतएव वह शाम 8:30 के लगभग बस अड्डा साइड कार को रेलवे परिसर में लेकर आ जाये ताकि सीनियर सिटीजन होने के नाते वे आसानी से गाड़ी में सवार हो सकें।
चालक ने जैसे ही गाड़ी वहाँ ला कर रोकी लगभग दर्जन भर पुलिसकर्मियों का जत्था वहाँ पहुँच गया और वहाँ खड़े वाहनों का चालान काटने लगा। मेरे चालक के यह बताने के बावजूद कि उसने तो अभी गाड़ी पार्क भी नहीं की और वह स्टीयरिंग पर बैठा है तथा गाड़ी बाहर ले जाने को तैयार है, उन्होने पहले कई हजार का चालान काटने की धमकी दी और फिर जबरिया रुपये 500/- का आनलाइन चालान काट दिया। जबकि वहां ‘नो पार्किंग’, ‘नो एंट्री’ जैसा कोई बोर्ड नही लगा था और न ही प्रवेश द्वार पर रेलवे ने कोई बैरीकेड लगाया हुआ था। वहाँ कोई पार्किंग स्थल भी नहीं बनाया हुआ है। ताकि वाहन पार्क किए जा सकें।
यदि यह कार्यवाही रेलवे अधिकारियों के आदेश पर की गयी तो रेलवे को वहां यह सूचना लिख कर टांगनी चाहिए कि वाहनों का प्रवेश/ ठहराव वर्जित है। फिर सीनियर सिटीजन (वृध्द), विकलांग, बीमार, बच्चे और महिलाएं कैसे कहाँ से वाहन पकड़ें, रेलवे को बताना चाहिए। क्योंकि प्लेटफार्म से पुल पार कर मुख्य सड़क की दूरी लगभग एक किलो मीटर है।
और यदि यह कार्यवाही पुलिस ने खुद ही की तो सवाल उठता है कि क्या ट्रैफिक पुलिस को रेलवे परिसर में चालान काटने का अधिकार है?
डा. गिरीश ने कहा कि जब उन्होने ये घटना अलीगढ़ के अपने मित्रों को बताई तो कई ने उन्हें बताया कि ट्रैफिक पुलिस अलीगढ़ में निजी कमाई और राजस्व बढ़ाने के लिये आए दिन वाहन स्वामियों/ चालकों से वसूली करती रहती है। वहाँ नियमों का कोई मतलब नहीं। लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचने को लोग या तो मजबूरन सुविधा शुल्क दे देते हैं या चालान कटने पर आनलाइन जमा कर देते हैं।
उन्होने कहा कि बुधवार के दिन भाजपाइयों और पुलिस के बीच हुयी यह शर्मनाक मुठभेड़ भाजपाइयों के सत्तामद और ट्रैफिक पुलिस के बसूली उद्योग की कोख से निकली है। सत्ता के मद में चूर भाजपाइयों ने जबाव देने को कानून हाथ में ले लिया और अब पुलिस अपनी नाक बचाने को कार्यवाही कर रही है। बेचारा आम आदमी बुलडोजरवादी पुलिस से डर कर धन हानि उठाने को मजबूर है।
डा. गिरीश ने कहा कि हर हाल में यह घटना भाजपा के शासन- प्रशासन के लिये कलंक है और इसकी पुनराव्रत्ति रोकने को कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।



