उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में लगाया जनता दर्शन कार्यक्रम
फरियादियों के पास खुद चलकर गये उप मुख्यमंत्री

लखनऊ : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस प्रयागराज पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण सन्तोषजनक फीड बैक के साथ शिकायतों का निस्तारण करें।जनता दर्शन में कई सैकड़ा लोगों ने अपनी समस्यायें रखी।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का निराकरण इस प्रकार किया जाय कि समस्याग्रस्त व्यक्ति पूरी तरह से संतुष्ट रहें और उन्हें दुबारा कहीं भटकना न पड़े और बार -बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने महिलाओं, दिव्यांगों, बुजुर्गों की समस्याओं व शिकायतों को सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से निदान करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।



