उत्तर पूर्वी दिल्ली में 70 साल में पहली बार हुए कई बड़े विकास कार्य : मनोज तिवारी

- नई दिल्ली : गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श् विजय रुपानी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर एवं सांसद मनोज तिवारी ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर उनके द्वारा देश एवं दिल्ली में किये गए विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित थे.

विजय रुपानी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा किए गए 9 सालों के कार्यों को हम जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में एक विशेष अभियान चला रहे हैं और इसके लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता देश के सभी लोकसभा में जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार के वक्त देश में निराशा एवं हताशा थी, जिसने देश को सिर्फ नुकसान पहुंचाया लेकिन 2014 के बाद मोदी सरकार को लेकर देश के लोगों में एक उम्मीद जगी है और उन उम्मीदों का परिणाम है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सही दिशा में तरक्की कर रहा है।
श्री रुपानी ने कहा कि सच्चर कमिटी के आधार पर कांग्रेस सरकार द्वारा ऐलान किया गया कि देश के संसाधनों पर अधिकार सिर्फ अल्पसंख्यकों को मिलेगा जिस पर खूब विवाद भी हुआ क्योंकि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही थी, लेकिन मोदी सरकार ने देश के गरीब, असहाय और वंचितों के लिए काम किया जिसकी शुरुआत जनधन योजना से हुई उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में खुद राजीव गांधी ने कहा था कि जनता के पास 100 पैसे में से सिर्फ 15 पैसे ही पहुंच पाते हैं लेकिन मोदी सरकार में पूरे पैसे गरीबों के खाते में गए क्योंकि कांग्रेस की सरकार के वक्त सभी सरकारी योजनाओं में दलाल पैसे खा जाते थे जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी तरह खत्म कर दिया।
श्री रुपानी ने कहा कि पहले लोग खुले में शौच करने जाते थे लेकिन मोदी सरकार ने 12 करोड़ इज्जत घर बनाकर 50 करोड़ लोगों को इज्जत देने का काम किया है और साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं में महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि पहले 15 शहरों में मेट्रो थी अब 80 शहरों में मेट्रो चल रही है। श्री राम मंदिर मामले में कांग्रेस बोलती थी कि तारीख बताये, वह अब बात भी खत्म हो गई है और भगवान श्री राम का भव्य मंदिर अयोध्या में बन रहा है।
श्री रुपानी ने विपक्ष की एकजुटता को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेता है और ऐसा लोकप्रिय नेता किसी पार्टी के पास नहीं है। इसी बात का डर पूरे विपक्ष को सता रहा है। उनकी दुकान बंद हो रही है इसलिए वे इक्कठा हो रहे हैं। हमारे पास सक्षम नेता है और हमारी नीति और नियत स्वच्छ और स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि हमारे पास 2024 लोकसभा के लिए कोई चुनौती नहीं है। पूरा विपक्ष आज अपने-अपने स्वार्थ के लिये एकसाथ जुड़ रहा है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आज दिल्ली में ही नहीं पूरे देश में विपक्ष एक जुट नहीं बल्कि एक भ्रष्टाचारी दूसरे भ्रष्टाचारी को गले लगा रहा है। इसलिए इनके मिलने से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि देश आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ईमानदार, कर्तव्यवान और विकास के लिए कार्य करने वाली सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी डोर टू डोर कैंपेन करने निकली है तो दिल्ली की जनता उनसे पूछ रही है कि आखिर शराब नीति वापस क्यों ली और शीश महल पर 45 करोड़ रुपये तथा वियतनाम का पत्थर और 8 लाख रूपये के पर्दे का हिसाब मांग रही है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 2014 में जब पहली बार मैं सांसद बना तब मुझे उत्तर पूर्व दिल्ली अति पिछड़े संसदीय क्षेत्र के रूप में विरासत में मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमने अपने संसदीय क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्य किए जो 70 साल में पहली बार किसी सरकार या सांसद की उपलब्धि है।
हमने वर्षों से लंबित पड़े सिग्नेचर ब्रिज के निर्माण का कार्य पूरा करवा कर जनता के उपयोग के लिए तैयार किया, हर्ष बिहार पावर ट्रांसमिशन केंद्र की 400 करोड़ रुपए की राशि खर्च करवा कर क्षमता बढ़ई जिससे 8 विधानसभा क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। पहली बार मीत नगर सबोली रेलवे हाल्ट बना, दिल्ली का पहला डाकघर पासपोर्ट केंद्र यमुना विहार में बनाया, यमुना रिवर फ्रंट का काम बड़ी तेजी से चल रहा है जिसमें 10 झीलों, 10 किलोमीटर साइकिल ट्रैक, 10 किलोमीटर पाथवे और 1 दर्जन से अधिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग से क्षेत्र को जोड़ा, 13 करोड़ के सीसीटीवी कैमरे लगवाए। मैट्रो फेस-4 पहली बार हमारे क्षेत्र में आई।
मनोज तिवारी ने कहा कि हमारे संसदीय क्षेत्र में एक भी केंद्रीय विद्यालय नहीं था हमने सरकार के सहयोग और अपने प्रयास से शाहदरा केंद्रीय विद्यालय बनाकर तैयार कर दिया है, खजूरी खास में स्कूल भूमि आवंटन का कार्य पूरा हो गया है और बुराड़ी का शीघ्र ही केंद्रीय विद्यालय मंजूर हो जाएगा। 303 करोड रुपए की लागत से सीलमपुर और शास्त्री पार्क फ्लाईओवर बनाकर ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाई, वजीराबाद से मंडोली जेल तक सिग्नल फ्री करने की योजना तेजी से रफ्तार पकड़ रही है। डबल डेकर फ्लाईओवर पहली बार बनाकर वजीराबाद रोड के जाम से मुक्ति दिलाने का काम जारी है।
25000 करोड़ की सरकारी जमीने भूमाफिया से मुक्त कराएं और उन पर पार्क, समुदाय भवन एवं अन्य विकास कार्य तेजी से योजना की प्रक्रिया में है।
श्री तिवारी ने कहा की प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना के तहत संसदीय क्षेत्र में लगभग 40000 लोगों को 300 करोड़ से अधिक की धनराशि दिलवा कर उन्हें रोजगार के लिए स्वावलंबी बनाया।
बेमिसाल 9 साल में उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र अति पिछड़े की पहचान को मिटा कर विकास की कतार में तेजी से आगे बढ़ा।
–



