अनाधिकृत वेंडरो के विरुद्ध सघन जांच

लखनऊ: उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अपने यात्रियों को स्वच्छ, शुद्ध तथा ताजा भोज्य पदार्थ निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतरता से प्रयासरत रहते हुए अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध मंडल के वाणिज्य विभाग की कैटरिंग शाखा के मुख्य खानपान निरीक्षक एवं उनकी टीम द्वारा अनेक प्रकार की जांचो का आयोजन किया जाता है ,ताकि अनाधिकृत वेंडिंग पर रोक लगाते हुए यात्रियों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराया जा सके | विगत दिवसों में इन्ही जांच अभियानों के तहत लखनऊ स्टेशन पर गाड़ी संख्या 03170 (हरिद्वार-कोलकाता पूजा स्पेशल) के आगमन पर इसकी जांच के दौरान एक स्लीपर बोगी में चाय का एक कंटेनर एवं दो कार्टन खाना लावारिस अवस्था में पाया गया | तत्काल इस भोजन सामग्री को प्रशासन द्वारा अपनी सुपुर्दगी में लिया गया, ताकि इसका अनुचित प्रयोग न किया जा सके | इसी प्रकार टीम द्वारा गाड़ी संख्या 15904 (चंडीगढ़-डिब्रूगढ एक्सप्रेस ) के लखनऊ आने पर इसके निरीक्षण के दौरान पैंट्री कार में 03 अनाधिकृत वेंडरों को बिना किसी वैध प्राधिकार पत्रों के कार्य करते हुए पाया गया I इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए उक्त तीनों अनाधिकृत वेंडरों को पैंट्री कार मैनेजर के माध्यम से टिकट चेकिंग कर्मचारी द्वारा जुर्माना लगाते हुए प्रभारित किया Iइसके अतिरिक्त इन्ही जांचों के अंतर्गत गाड़ी संख्या 15065 (गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस) की लखनऊ स्टेशन पर जांच के दौरान अनाधिकृत रूप से 03 वेंडरों को पान मसाला,सिगरेट जैसे प्रतिबंधित पदार्थों एवं अप्रमाणित पानी की बोतलें बेचते हुए पकड़ा गया I उक्त तीनों वेंडरों को तत्काल पकड़कर इनके पास से पाए गए सामान सहित इनको अग्रिम कार्यवाही हेतु रेलवे सुरक्षा बल/लखनऊ के हवाले कर दिया गया I



