उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

भारतीय रेल के विशाल नेटवर्क ने हिंदी के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया: डा.मोनिका अग्निहोत्री

    लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में 14 सितम्बर से 29 सितम्बर तक मनाये जाने वाले ‘‘हिंदी पखवाड़ा’’ के अवसर पर मंडल कार्यालय, लखनऊ के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में मण्डल रेल प्रबन्धक डा. मोनिका अग्निहोत्री ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार कर्ण, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (संस्कृत विभाग), नालंदा विश्वविद्यालय को पौधा प्रदान कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा मॉं सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके पश्चात मण्डल के कलाकारों ने सांस्कृृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इसके उपरांत अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इंफ्रा संजय यादव ने कहा कि लखनऊ मंडल पर आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़ा 2022 के उद्घाटन के अवसर पर आप सभी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।

इस दौरान कर्मचारियों में हिंदी प्रयोग के प्रति अभिरुचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से हिंदी साहित्यकारों की जयंतियाँ, सेवा निवृत्त एवं कार्यरत रेल साहित्यकारों द्वारा परिचर्चा, तकनीकी संगोष्ठी, हिंदी कार्यशालाएं , कवि सम्मेलन तथा विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।
निश्चय ही, हम सभी रेलकर्मी इससे लाभान्वित होंगे। आप सभी रेल कर्मियों से आग्रह है कि आप अपने दैनिक सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में अपना महत्वपूर्ण योगदान निरन्तर उत्साहपूर्वक देते रहेंगे।

अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में मण्डल रेल प्रबन्धक डा. मोनिका अग्निहोत्री ने कहा कि आप सभी को हिंदी दिवस 14 सितंबर की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हूँ। भारतीय रेल एवं हिंदी का घनिष्ठ संबंध है। भारतीय रेल के विशाल नेटवर्क ने हिंदी के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया है तथा रेलवे संपूर्ण भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य भी करती है। राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति संवैधानिक दायित्वों को पूरा करने के लिए सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रति अधिकारियों/कर्मचारियों में जागरूकता पैदा करने के लिए तथा इसके प्रचार-प्रसार में तेजी लाने के उद्देश्य हेतु हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान मण्डल में कर्मचारियों के उत्साह एवं ज्ञानवर्धन तथा मनोरंजन के लिए अनेक कार्यक्रमों/प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
यहाँ पर उपस्थित सभी अधिकारियों से मेरा आग्रह है कि अपने अधीनस्थ कार्मिकों को हिंदी पखवाड़ा के दौरान सभी कार्यक्रमों/प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें और राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार कर्ण ने अपने सम्बोधन में कहा कि आदर्श राष्ट्र के लिए भाषा की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हिंदी भाषा राष्ट्रचेतना की सम्वाहिका के रूप में कार्य करती है। अगर भाषाओं की माला बना दी जाये तो हिन्दी सभी भाषाओं में सिरमौर होगी। हिन्दी के साहित्य को समृद्ध करने के लिए रेलवे विभाग ने बहुत से साहित्यकार दिये है। जिनकी हिन्दी के प्रचार प्रसार में भूमिका अतुलनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होने कहा कि आप सकारात्मक सोच के साथ अपनी मातृ भाषा की उन्नति के साथ ही अपने समाज, धर्म तथा संस्थान की उन्नति हेतु कर्तव्यों का संपादन करें । यदि विभाग उज्ज्वल है, तो आप भी श्रेष्ठ रहेगें। इसी भाव से हिन्दी को भाषा के रूप में अपनाईयें।
कार्यक्रम के अन्त में मण्डल रेल प्रबन्घक ने मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार कर्ण को शाल प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन शिशिर सोमवंशी, मुख्य परियोजना प्रबन्धक/गतिशक्ति राघवेन्द्र कुमार समस्त शाखा अधिकारी एवं एन. ई. रेलवे मजदूर यूनियन के मण्डल मंत्री अजय कुमार वर्मा एवं एससी एसटी एसोसिएशन के मण्डल अध्यक्ष सम्पत राम मीना तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button