उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
आई बागों में बहार झूला झूले राधा प्यारी’….
झूलेलाल वाटिका में चल रहे गणेशोत्सव का पांचवां दिन

लखनऊ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के तत्वावधान में झूलेलाल वाटिका निकट हनुमान सेतु के पास चल रहे 18 वां मनौतियों के राजा का गणेशोत्सव के पांचवें दिन रविवार को सुबह ‘मनौतियों के राजा’ के दरबार में भगवान श्री गणेश जी की पूजा अर्चना बनारस के आचार्य कमलेश जी व पण्डित हरिनारायण के सानिध्य में सम्पन्न हुई। उसके बाद मनौतियों के राजा गणेशउत्सव के प्रेरणाश्रोत स्व. राजेश बंसल की स्मृति में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

मेडिकल कालेज के डाक्टरों की टीम द्वारे लगे रक्तदान शिविर में 27 लोगों ने रक्तदान किया।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम राजधानी की सुमिता श्रीवास्तव के निर्देशन में भजन संध्या व नृत्य नाटिका का मंचन हुआ। सुमिता ने जय जय जय हो गणेश तेरी.., भजन की शुरुआत की। उसके बाद पार्वती के लाल करे सबको निहाल.., सुनाया।

राधा अष्टमी के मौके पर भजन व नृत्य की धूम रही। सुमिता श्रीवास्तव ने प्रगट भई भानू लली सखी आज व्रज में हो रही जय जयकार’ सुनाया तो बप्पा के दरबार में राधा रानी के जयकारे लगे। उसके बाद कोलकाता से आये कलाकारों ने एक मयूर नृत्य श्याम आये ब्रज में मोर बनके’ गीत पर नृत्य करके लोगों को भावविभोर कर दिया।

उसके बाद सुमिता श्रीवास्तव ने जब आई बागों में बहार झूला झूले राधा प्यारी’ सुनाया तो कमेटी के भारत भूषण गुप्ता, अनिल अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अखिलेश बंसल, रंजीत सिंह, संजय गांधी, घनश्याम अग्रवाल, महिलाओं में संध्या बंसल, अंजू गुप्ता, रुक्मणी अग्रवाल, अंशू बंसल, आशा अग्रवाल, नीरज सिंह, बिन्नी बंसल, नेहा अग्रवाल आदि लोग झूमने लगे।

संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि मनौतियों के राजा गणेशउत्सव के प्रेरणाश्रोत स्व. राजेश बंसल की स्मृति में 5 सितम्बर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कोरोना वैक्सीनेशन के कैम्प लगाया जायेगा।



