उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सड़कों पर गड्ढ़ा एवं जल-जमाव की समस्या का तत्काल निस्तारण किए जाने के दिए निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की

                  चेरिश टाइम्स न्यूज़ 

             लखनऊ: उत्तर प्रदेश के  उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को प्रयागराज के सर्किट हाउस के सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।  उपमुख्यमंत्री  ने सड़कों पर गड्ढ़ा एवं जल-जमाव की लगातार आ रही शिकायतों पर पीडब्डूडी व सड़क निर्माण से जुड़े हुए अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि तत्काल इस पर कार्रवाई करते हुए सड़कों को दुरूस्त किया जाये। उन्होंने सेतु निगम सहित अन्य सभी सम्बंधित अधिकारियों से कहा कि जिन भी परियोजनाओं या सेतुओं का शिलान्यास हो चुका है  और उस पर भूमि की उपलब्धता सहित अन्य किसी कारण से कार्य कराने में विलम्ब हो रहा है, तो तत्काल उस पर कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। स्वीकृत परियोजनाएं जमीनों के अधिग्रहण एवं बजट आदि के कारण रूकनी नहीं चाहिए।

जमीनों के अधिग्रहण के कार्य में तेजी लाते हुए परियोजनाओं को समय से पूरा कराने की जिम्मेदारी अधिकारी निभायें। रिंग रोड़ के कार्य को महाकुम्भ-2025 को दृष्टिगत रखते हुए समय से पूरा किया जाये। उन्होंने  कहा कि रिंग रोड़ व राम वन गमन मार्ग के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण से सम्बंधित कार्य का समय निर्धारित कर उसी अवधि में पूरा करें। राजकीय बालिका इण्टर कालेज फूलपुर के कार्य के विलम्ब होने पर नाराजगी जताते हुए कार्य को तेजी के साथ पूरा कराये जाने के लिए कहा है।

उपमुख्यमंत्री  ने अंदावा से हण्डिया तक बनाये जा रहे रोड़ में सावन में आने वाले कांवड़ियों की भीड़ के दृष्टिगत अधिकारियों से कावंड़ियों के लिए अलग कावंड़ पथ बनाये जाने हेतु कार्ययोजना बनाकर उस पर कार्रवाई किए जाने के लिए कहा है।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि तहसीलों में दाखिल-खारिज में विलम्ब व चक मार्गों के अतिक्रमण की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही है, यह गम्भीर विषय है, इस पर खरीफ की फसल की कटाई के बाद विशेष अभियान चलाकर निर्विवादित ढंग से इन मामलों का निस्तारण करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि चक मार्गों कोठारी कराने का कार्य स्थायी रूप से किया जाना चाहिए, जिससे बाद में विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो। कोरांव में जीआईसी की बिल्डिंग बनकर तैयार होकर हैण्डओवर होने के बाद भी अभी तक क्रियाशील न होने पर नाराजगी जताते हुए इसका तत्काल संचालन शुरू करने के निर्देश डीआईओएस को दिए है। उपमुख्यमंत्री  ने भगवतपुर में 100 बेड़ का अस्पताल बनाये जाने का कार्य अभी तक पूर्ण रूप से तैयार होकर क्रियाशील न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी आवश्यक कार्रवाईयां सुनिश्चित करते हुए अस्पताल को क्रियाशील किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने नैनी में एसआई हाॅस्पिटल का अपग्रेडेशन किए जाने हेतु कार्ययोजना बनाकर उस पर कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया ।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए  उपमुख्यमंत्री  ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, यह कार्य शीर्ष प्राथमिकता पर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करा लिया जाये। उन्होंने योजना के तहत कोटवा में बनी पानी की टंकी एवं पाईप लाइन की गुणवत्ता पर शिकायत पाये जाने पर टीम बनाकर जांच किए जाने का निर्देश दिया है। कहा कि इस योजना के तहत जो मानक निर्धारित किए है, उसके अनुसार ही कार्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पाईप लाइन को एक मीटर नीचे बिछाने का मानक निर्धारित किया गया है, उससे कम नहीं होना चाहिए। उपमुख्यमंत्री  ने बैठक में मध्य प्रदेश की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों से नैनी तिराहे पर अवैध वसूली, शोषण व उत्पीड़न की शिकायत आ रही हैं। उन्होंने पुलिस विभाग को मामले की जांच कराकर ऐसे लोगो के विरूद्ध कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने शराब माफियाओं, भू-माफियाओं, खनन माफियाओं एवं नकल माफियाओं सहित अन्य माफियाओं के विरूद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए है।  उपमुख्यमंत्री  ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टा पशुओं की शिकायत प्राप्त हो रही है। उन्होंने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी तथा अन्य सम्बंधित अधिकारियों को इस पर कार्रवाई करते हुए खुला घूमने वाले गोवंशों को गो संरक्षण केन्द्रों में संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए है। पीएम स्वनिधि योजना के अन्तर्गत रेहड़ी पटरी वालों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित किए जाने हेतु कहा है।


उपमुख्यमंत्री  ने बिजली विभाग द्वारा शासन द्वारा निर्धारित शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न दिए जाने व ओवर बिलिंग की शिकायत पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए निर्धारित मानक के अनुसार बिजली की आपूर्ति की जाये। ओवर बिलिंग की शिकायत पर सम्बंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाये।  उपमुख्यमंत्री  ने कहा कि पूर्व में शंकरगढ़ में रिफाइनरी के लिए 2 हजार एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जिस पर अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पायी है। उन्होंने कार्ययोजना बनाकर इस पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने अमृत सरोवरों के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के लिए निर्देशित किया है। नदियों एवं तालाबों पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने के लिए कहा है।
 इस अवसर पर सांसद फूलपुर  केशरी देवी पटेल, सांसद इलाहाबाद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, महापौर  अभिलाषा गुप्ता नंदी, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. वी.के. सिंह,  विधायक शहर पश्चिमी  सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक शहर उत्तरी  हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक बारा डाॅ. वाचस्पति, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक फाफामऊ  गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर  प्रवीण पटेल, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी एवं के.पी. श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष भाजपा  गणेश केसरवानी, मण्डलायुक्त  विजय विश्वास पंत, आईजी राकेश सिंह, जिलाधिकारी  संजय कुमार खत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शैलेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगणों सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button