अन्य खबर

मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ । रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में संचालित “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” के अंतर्गत पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा सफाई कर्मचारियों के सहयोग से जागरूकता (प्रभात फेरी) निकाली गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरियाली के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा ’माइक्रो प्लास्टिक’ प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जागरूक किया गया तथा लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन तथा ऐशबाग रेलवे स्टेशनों पर पक्षियों के लिए पानी के बर्तन रखे गए, जिससे भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। अभियान के अंतर्गत यात्रियों को निर्धारित वाटर रिफिलिंग बूथों से अपनी बोतल पुनः भरकर उपयोग करने तथा पुनः प्रयोग योग्य पानी की बोतलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्टेशन परिसर में स्थापित प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनों के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई तथा पूरे स्टेशन परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। वेंडरों को स्थानीय माइक्रो-एनवायरमेंट को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के उपायों की जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत “मैकेनिकल प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीन” थीम पर संविदा कर्मचारियों को प्लास्टिक बोतलों के घनत्व को कम करने संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। स्वास्थ्य निरीक्षक खलीलाबाद की देखरेख में जनजागरूकता रैली निकालकर यात्रियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया।
बस्ती रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया स्थित ग्रीन एरिया में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई कार्य किया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, वेंडरों एवं यात्रियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, निविदा स्वच्छता मित्रों एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा “पेड़ लगाएं-प्रदूषण हटाएं” तथा “पेड़ लगाएं -प्लास्टिक हटाएं” जैसे संदेशों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। यात्रियों को प्लास्टिक के कम उपयोग तथा पुनः प्रयोग योग्य पानी की बोतलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। स्टेशन परिसर स्थित ’वाटर रिफिल पॉइंट’ का निरीक्षण किया गया तथा पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु टीडीएस की जांच भी की गई। यात्रियों को वाटर बूथों से अपनी बोतल भरकर पुनः उपयोग करने तथा उपयोग के बाद प्लास्टिक बोतलों को बॉटल क्रशर मशीन में नष्ट करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही यात्रियों को गीला कूड़ा हरे डस्टबिन में, सूखा कूड़ा नीले डस्टबिन में तथा घातक कूड़ा पीले डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button