विश्व पर्यावरण दिवस एवं स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसरों में जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वच्छता रैली का आयोजन

लखनऊ। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा यात्री सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मण्डल की विभिन्न रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों, कॉलोनियों एवं स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सफाई मित्रों तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ऐशबाग पॉलीक्लिनिक में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना पाटनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, संदूषण नियंत्रण तथा कचरा निपटान की वैज्ञानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई साथ ही सफाई मित्रों को क्लाइमेट चेंज, सस्टेनेबल लाइफ स्टाइल, वेस्ट मैनेजमेंट एवं पुनः उपयोग योग्य बोतल, बैग एवं कंटेनर के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान यात्रियों एवं रेल कर्मियांे को प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वच्छता पंपलेट एवं जागरूकता सामग्री भी प्रदर्शित की गई। इसके पश्चात उन्होंने रेलवे लोको कॉलोनी के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा स्वच्छता मित्रों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
इसी परिप्रेक्ष्य में गोरखपुर जं0 रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृक्ष संरक्षण, प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया। यात्रियों एवं संविदा कर्मचारियों को कपड़े के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।



