सुवेन्दु अधिकारी को जेल भेजे ममता सरकार : शाहनवाज़ आलम
बंगाल सुभाष चंद्र बोस को अपना नायक मानता है जिन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनके सांप्रदायिक गुंडों को पिटवाया था

नयी दिल्ली : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव शाहनवाज़ आलम ने कहा है कि पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी का मुस्लिम विधायकों को विधानसभा से बाहर फेंक देने की धमकी देना साबित करता है कि
अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव में भाजपा की निश्चित हार के डर से उसके नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से सुवेन्दु अधिकारी के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की भी मांग की है.
शाहनवाज़ आलम ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुस्लिम विधायकों को सदन से बाहर फेंकने के लिए ख़ुद सुवेन्दु अधिकारी और उनके जैसे सांप्रदायिक तत्वों को पहले विधान सभा का चुनाव जीतना पड़ेगा जो बहुत मुश्किल है. क्योंकि 2026 में बंगाल के बहुसंख्यक हिंदू मतदाता ही भाजपा को बुरी तरह हराने का मन बना चुके हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि बंगाल की जनता सुभाष चन्द्र बोस को अपना नायक मानती है जिन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन को दबाने की कोशिश करने वाले मुस्लिम लीग की सरकार में उपप्रधानमंत्री रहे हिंदू महासभा के नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनके सांप्रदायिक गुंडों को अपने कार्यकर्ताओं से पिटवाया था. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल बहुत जागरूक राज्य है इसलिए वहां के लोग सुभाष चन्द्र बोस की विरोधी रही आरएसएस को ख़ुद नकार देंगे.



