प्रकृति के लिए बढ़ाएँ कदम’ — वॉकथॉन के माध्यम से दिया प्रकृति संरक्षण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

लखनऊ । ब्रह्माकुमारीज़ के 90वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव के अंतर्गत आज ब्रह्माकुमारीज़, लखनऊ द्वारा ‘वॉक फॉर मदर अर्थ — प्रकृति के लिए बढ़ाएँ कदम’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे से प्रारंभ होकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक पहुँची इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रकृति के संरक्षण एवं पालन-पोषण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के पाँचों तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—के प्रति सकारात्मक संकल्प एवं शुभ भावनाएँ रखने के लिए प्रेरित करना था।
इस जन-जागरूकता अभियान में लखनऊ के कई ब्रह्माकुमारीज़ केंद्रों से आए करीब 500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत शांतिपूर्ण वातावरण में योगयुक्त एवं सकारात्मक मनःस्थिति के साथ पदयात्रा की। हाथों में प्रकृति संरक्षण से जुड़े प्रेरक स्लोगन और संदेश लिए प्रतिभागियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ गोमती नगर केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी राधा दीदी ने बताया कि हमारे मन के विचारों और भावनाओं का प्रभाव हमारे व्यवहार, आपसी संबंधों और प्रकृति के प्रति हमारे दृष्टिकोण पर पड़ता है। यदि हम अपने मन में शांति, प्रेम, आनंद और सद्भाव की भावनाएँ धारण करें तथा इन्हीं सकारात्मक वाइब्रेशंस को चारों ओर फैलाएँ, तो समाज में सुख-शांति और समृद्धि की स्थापना में सहयोगी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के पाँचों तत्वों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और शुभ संकल्प रखना भी हमारी आध्यात्मिक जिम्मेदारी है। प्रकृति हमें निरंतर देती है, इसलिए उसकी रक्षा करना और उसका पालन-पोषण करना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल बाहरी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि अपने विचारों, भावनाओं और जीवनशैली को सकारात्मक बनाने से भी जुड़ा है। जब हम स्वयं शांत, संतुलित और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनते हैं, तब हमारा आचरण भी पर्यावरण संरक्षण के अनुकूल बनता है।
पूरी पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने प्रकृति संरक्षण के संदेशों के साथ लोगों का ध्यान पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी की ओर आकर्षित किया। परमात्म-स्मृति से जुड़े मधुर गीतों और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच यह यात्रा संपन्न हुई। पुरी यात्रा के दौरान लखनऊ की सीनियर राजयोगिनी टीचर राधा दीदी, मंजू दीदी, सुमन दीदी एवं इंदिरा दीदी उपस्थित रहीं. समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रसाद वितरित किया गया।



