कुलपति द्वारा डीयू में रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड शुरू करने की पहल का फोरम ने किया स्वागत
भविष्य में शोध की गुणवत्ता और मौलिकता को बढ़ावा मिलेगा : प्रो. हंसराज सुमन
नई दिल्ली , दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह द्वारा शोध एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड ( Research Excellenc Award ) शुरू करने की पहल का स्वागत करते हुए फोरम ऑफ एकेडमिक्स फॉर सोशल जस्टिस ( शिक्षक संगठन ) के चेयरमैन व गाँधी भवन , दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त निदेशक प्रोफेसर हंसराज सुमन ने इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह अवार्ड मुख्य रूप से उत्कृष्ट शोध कार्य करने वाले शिक्षकों एवं शोध कर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए है । इस अवार्ड से भविष्य में शोध की गुणवत्ता और मौलिकता को बढ़ावा मिलेगा ।
प्रोफेसर सुमन ने बताया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह द्वारा अकादमिक काउंसिल की 1028 वीं बैठक में विश्वविद्यालय के कॉलेजों के प्राचार्यों से अपने – अपने कॉलेजों में रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड शुरू करने का आह्वान किया है । इसके अंतर्गत उच्च गुणवत्ता वाले शोध पत्र प्रकाशित करने वाले शिक्षकों , प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में शोध प्रकाशित करने वाले शोधकर्ताओं , समाज और राष्ट्र के विकास से जुड़े उपयोगी शोध करने वाले शिक्षकों तथा नए शोध , नवाचार और पेटेंट के क्षेत्र में योगदान देने वाले अकादमिक विशेषज्ञ हैं उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड शुरू करने के निर्देश देना सराहनीय पहल है। इससे कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और शोधार्थियों को उत्कृष्ट शोध कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा विश्वविद्यालय में अनुसंधान की एक सकारात्मक संस्कृति विकसित होगी। उनका यह भी कहना है कि साथ ही भविष्य में दिल्ली विश्वविद्यालय की रैंकिंग और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी व शोधकर्ताओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
प्रोफेसर हंसराज सुमन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति –2020 ने शोध के क्षेत्र में बेहतर परिणाम दिए हैं। हमें अपने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मौलिक शोध, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनुसंधान को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने बताया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय में जब से चार वर्षीय पाठ्यक्रम लागू हुआ है तब से चौथे वर्ष के विद्यार्थियों में शोध कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और उनमें नवीन शोध कार्य करने के प्रति उत्साह बढ़ा है । मेरा यह भी मानना है कि विश्वविद्यालयों में ऐसे पुरस्कारों की शुरुआत से शिक्षकों और शोधार्थियों के बीच स्वस्थ अकादमिक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और वे गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय को यह सुझाव भी दिया कि प्रति वर्ष दिल्ली विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड के अंतर्गत विभिन्न विषयों के शिक्षकों, युवा शोधकर्ताओं और शोधार्थियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर सम्मानित किया जाना चाहिए। पुरस्कार चयन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए तथा इसमें शोध की मौलिकता, गुणवत्ता, सामाजिक उपयोगिता, प्रकाशित शोध पत्रों और नवाचार को प्रमुख आधार बनाया जाना चाहिए।
प्रोफेसर सुमन ने यह भी बताया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय देश का प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है । जिसकी स्थापना 1922 में हुई थी । वर्तमान में यहाँ लगभग 90 कॉलेज और 86 विभाग हैं जहाँ स्नातकोत्तर व उच्च शिक्षा दी जाती है । प्रति वर्ष इन विभागों से सैंकड़ों शोधार्थी पीएचडी डिग्री प्राप्त करते हैं । प्रोफेसर सुमन ने बताया है कि 20 नवंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के 103 वें दीक्षांत समारोह में 472 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की गई जिसमें 245 महिला और 227 पुरुष विद्यार्थी शामिल थे । इसके अतिरिक्त 172668 विद्यार्थियों को डिजिटल डिग्रियां भी जारी की गई । उनका कहना है कि यहां से पीएचडी करके निकले शोधार्थियों का शोध और अनुसंधान का लाभ समाज के वंचित, कमजोर और पिछड़े वर्गों तक भी पहुंचना चाहिए। शोध केवल अकादमिक उपलब्धि तक सीमित न रहकर सामाजिक परिवर्तन, समानता और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनना चाहिए। रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड की यह पहल दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में शोध एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध के क्षेत्र में और अधिक प्रतिष्ठा दिलाएगी।



