नुक्कड़ नाटक ‘एका’ से गूंजा नोएडा-ग्रेटर नोएडा, 1-3 दिसंबर दिल्ली चलो का हुआ जोरदार आह्वान

नोएडा ::देश के मेहनतकश वर्ग के अधिकारों, रोजगार की सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए 01 से 03 दिसंबर 2026 को रामलीला मैदान, दिल्ली में होने वाली ऐतिहासिक रैली / संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) जिला कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने जनसंपर्क अभियान चलाया।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों, मजदूर बस्तियों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर जन नाट्य मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक ‘एका’ का कई जगह प्रभावशाली मंचन किया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने श्रमिकों की एकजुटता, शोषण के खिलाफ संघर्ष और अपने हक-अधिकारों के लिए आवाज उठाने का सशक्त संदेश दिया। नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारी, मजदूर और आम नागरिक उमड़े।
इस अवसर पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं को सीटू जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला कमेटी सदस्य जोगेंद्र सैनी, मनोज, भरत डेंजर, पारस गुप्ता, शंभू सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती, बाल दिवस एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की समस्त जनपद, प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आज बच्चों के भविष्य, मजदूरों के अधिकार और आम आदमी की जिंदगी पर संकट मंडरा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, ठेका-संविदा प्रथा, न्यूनतम वेतन का उल्लंघन और श्रम कानूनों को कमजोर किया जाना मजदूर वर्ग के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इन मुद्दों को रेखांकित करते हुए उन्होंने सभी श्रमिकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से 01 से 03 दिसंबर 2026 को रामलीला मैदान, दिल्ली में होने वाली रैली / संसद मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
नेताओं ने कहा – “एकजुट हो जाओ! संघर्ष करो! जीतो!” यही समय है, जब मेहनतकश वर्ग को अपनी एकता दिखानी होगी।



