उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

वोट चोरी पर कांग्रेस ने की देशभर में अगले चरण के आंदोलन की घोषणा; 10 अक्टूबर से शुरू होगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान

10 अक्टूबर से देशभर में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस निकालेगी बाइक-साइकिल रैली और पदयात्रा

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और वोट चोरी के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन को तेज करते हुए 10 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत 10 से 20 अक्टूबर तक देशभर में ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एसआईआर में हटाए गए मतदाताओं की पहचान कर उनके बीच गांवों में चौपाल लगाई जाएंगी और लोगों को वोट चोरी को लेकर जागरूक किया जाएगा।

इस अभियान की रणनीति को लेकर सोमवार को इंदिरा भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं अग्रिम संगठनों के प्रमुखों की बैठक हुई।

बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ देशभर में आक्रामक अभियान चलाने का निर्देश दिया है। राहुल गांधी ने भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन एक-दो दिन का कार्यक्रम नहीं है।

वेणुगोपाल ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की यह लड़ाई ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाकर उनकी गिरफ्तारी और उनपर मुकदमा दर्ज करने तक जारी रहेगी।

आंदोलन की रुपरेखा बताते हुए वेणुगोपाल ने बताया कि आठ अक्टूबर तक इंडिया गठबंधन के सभी दलों द्वारा जिला स्तर पर सामूहिक प्रदर्शन और लोकतंत्र बचाओ मार्च होने के बाद कांग्रेस पार्टी 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक देशभर में ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाएगी। इस दौरान बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता वोट चोरी से संबंधित पर्चे भी वितरित करेंगे।

इसके बाद 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एक महीने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस एक महीने के दौरान वोट रक्षक के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाए गए लगभग साढ़े 13 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी पहचान करेंगे और गांवों में उनके साथ चौपाल लगाएंगे। लोगों को वोट चोरी को लेकर जागरूक किया जाएगा।

वेणुगोपाल ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर 25 और 26 नवंबर को अलग-अलग राज्यों के छह स्थानों से हजारों वाहनों का काफिला ‘चलो दिल्ली’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली आकर प्रदर्शन करेगा। दिल्ली में 26 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि छह अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। यह मार्च सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस मार्च के लिए अन्य विपक्षी दलों को निमंत्रण दिया गया है।

जयराम रमेश ने कहा कि एसआईआर के जरिए हटाए गए साढ़े तेरह करोड़ मतदाता केवल आंकड़े नहीं, बल्कि वास्तविक लोग हैं। कांग्रेस इन लोगों को चेहरा देने और बूथ स्तर पर उनकी पहचान सामने लाने का प्रयास करेगी। कांग्रेस पार्टी पूरा प्रयास करेगी कि जिनका नाम जानबूझकर काटा गया है, उन्हें वापस मतदाता सूची में शामिल किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button