महिला रेल कर्मचारियों हेतु श्रावस्ती में एक दिवसीय भ्रमण शिविर आयोजित

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में गोंडा परिक्षेत्र में कार्यरत महिला रेलकर्मियों हेतु एक दिवसीय ‘श्रावस्ती भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। जिसमें ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत 48 महिला रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान महिला रेलकर्मियों ने श्रावस्ती में जेतवन, सहेट-महेट, महा अंगुलिमाल स्तूप, कच्ची कुटी, ओरझर थाई टेम्पल, कोरियन टेम्पल तथा दिगम्बर जैन शंभुनाथ मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान कर्मचारियों हेतु खानपान की समुचित व्यवस्था की गई। भ्रमण उपरान्त सभी प्रतिभागियों को उपहार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को कार्य की व्यस्तता से राहत प्रदान करना, ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों से परिचित कराना तथा आपसी सौहार्द एवं टीम भावना को बढ़ावा देना है। सभी महिला रेल कर्मचारियों ने इस आयोजन को सुखद एवं यादगार बताते हुए लखनऊ मण्डल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


