उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

दिव्यांगों के नाम एक शाम’ कार्यक्रम में दिल्ली पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष पारुल सिंह सम्मानित

पैरा-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाने में योगदान के लिए सम्मान

नई दिल्ली :: दिल्ली पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष पारुल सिंह को दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग के ‘दिव्यांगों के नाम एक शाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कार्यक्रम में उन्हें सम्मान प्रदान किया।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम ने दिव्यांगजनों की प्रतिभा, उपलब्धियों और संघर्ष को सम्मान देने के साथ उनके लिए समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प को मजबूत किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिव्यांगजन सशक्तिकरण’ और समावेशी समाज के विजन से भी जुड़ा रहा।

पारुल सिंह को दिल्ली में पैरा-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दिल्ली पैरालंपिक समिति के साथ वह खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर देने और पैरा-स्पोर्ट्स को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही हैं।

सम्मान मिलने पर पारुल सिंह ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी पैरा-एथलीटों के लिए हौसला बढ़ाने वाला है, जो तमाम चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर दिव्यांग खिलाड़ी को समान अवसर, जरूरी सहयोग और अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए उचित मंच मिले। दिल्ली सरकार के सहयोग से हम दिल्ली में पैरा-स्पोर्ट्स को और मजबूत करने के लिए लगातार काम करेंगे।”

पारुल सिंह ने दिल्ली सरकार के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार, खेल संगठनों और समाज के साझा प्रयासों से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और आगे बढ़ने के अवसरों का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button