लखनऊ मंडल में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जाँच एवं निगरानी

लखनऊ : उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल के स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस क्रम में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निरीक्षकों (H&MI) द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पेयजल के नमूनों की जाँच की जाती है।
दैनिक जाँच एवं अवशिष्ट क्लोरीन की निगरानी:
जहाँ H&MI तैनात हैं, वहाँ प्रत्येक पेयजल स्रोत से प्रतिदिन स्रोत बिंदु (Source Point) तथा अंतिम उपयोग बिंदु (End Point) से एक-एक नमूना लेकर अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) के स्तर की जाँच की जाती है। इसके अतिरिक्त, H&MI द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों के निरीक्षण के दौरान भी अवशिष्ट क्लोरीन के स्तर का परीक्षण किया जाता है।
बैक्टीरियोलॉजिकल जाँच:
पेयजल की बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की निगरानी के लिए बड़े स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों से प्रत्येक माह कम से कम एक नमूना तथा छोटे स्टेशनों एवं कॉलोनियों से प्रत्येक दो माह में कम से कम एक नमूना लेकर परीक्षण किया जाता है।
रासायनिक जाँच:
प्रत्येक पेयजल स्रोत से प्रत्येक छह माह में रासायनिक परीक्षण हेतु नमूना लिया जाता है। यह परीक्षण मानसून-पूर्व एवं मानसून-पश्चात अवधि में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है।
मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर कार्रवाई:
यदि किसी पेयजल नमूने का परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित SSE (W)/Engineering को तत्काल अवगत कराया जाता है। इसके पश्चात H&MI एवं संबंधित SSE (W)/Engineering द्वारा संयुक्त रूप से पुनः नमूना (Joint Sampling) लिया जाता है तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
लखनऊ मंडल द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी एवं परीक्षण की इस व्यवस्था के माध्यम से स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।


