उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव-2026 का समापन

 

# तीजोत्सव मेले में हस्तशिल्प, परिधानों और खानपान के स्टॉल्स पर 1.30 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री

नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव क्राफ्ट एवं फूड मेला सोमवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। राजस्थान की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक खानपान को समर्पित इस आयोजन में राजस्थान के विभिन्न अंचलों से आए दस्तकारों, हस्तशिल्पियों, कलाकारों और खानपान से जुड़े स्टॉल्स पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई।

प्रमुख आवासीय आयुक्त  रोहित कुमार ने रिकॉर्ड बिक्री के लिए मेले में भाग लेने वाले सभी आर्टिजंस और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीजोत्सव के पहले दिन से ही बीकानेर हाउस में बड़ी संख्या में दर्शकों और खरीदारों की उपस्थिति रही। आगंतुकों ने राजस्थान के हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भरपूर आनंद लिया।

रूडा के सलाहकार  ओम प्रकाश ने बताया कि मेले में रूडा की ओर से राजस्थानी हस्तशिल्प और परिधानों से संबंधित 25 स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉल्स पर प्रदर्शित पारंपरिक हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को आगंतुकों ने काफी पसंद किया और जमकर खरीदारी की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष तीजोत्सव में रिकॉर्ड बिक्री हुई है।

राजीविका की  अनुपमा सक्सेना ने बताया कि राजीविका के माध्यम से दिल्ली आए महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पुरस्कार प्राप्त कलाकारों और शिल्पकारों ने 15 स्टॉल लगाए। इन स्टॉल्स पर हैंडब्लॉक बेडशीट, सूट, साड़ियां, कंगन एवं आभूषण, मोजड़ियां, लाख की वस्तुएं, चमड़े से बने सामान तथा विभिन्न राजस्थानी व्यंजनों की बिक्री हुई। इन उत्पादों को भी आगंतुकों ने खूब पसंद किया।

इसी प्रकार, इस वर्ष तीजोत्सव में सरस के दुग्ध उत्पाद भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। आगंतुकों ने इन उत्पादों की 3 लाख रुपये से अधिक की खरीदारी की। विभिन्न जिला दुग्ध संघों से आए उत्पादों में अलवर का कलाकंद, बीकानेर के रसगुल्ले और गुलाब जामुन, गाय का घी, छाछ, लस्सी, पनीर और श्रीखंड ने लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई।

संयुक्त आवासीय आयुक्त रिंकू मीना ने बताया कि इस वर्ष तीजोत्सव में केंद्रीय मंत्री  अर्जुन राम मेघवाल, सांसद  भागीरथ चौधरी, राजस्थान के मुख्य सचिव तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा और वन सेवा के अधिकारियों सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेले का अवलोकन किया। प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में आयोजित इस मेले की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त से शुरू हुए दस दिवसीय तीजोत्सव का शुभारंभ राजस्थान के प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया था। आयोजन के दौरान तीज माता की सवारी, प्रसिद्ध राजस्थानी लोक कलाकार कुतले खान द्वारा सूफी एवं राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति तथा राजस्थान के विभिन्न अंचलों से आए लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहीं।

दस दिनों तक चले इस तीजोत्सव ने दिल्लीवासियों और अन्य आगंतुकों को राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के साथ-साथ राज्य के दस्तकारों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए एक प्रभावी मंच भी प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button